लॉस एंजिलिस: सान बर्नार्डिनो में हुए नरसंहार में इस्तेमाल की गई असॉल्ट राइफलों के खरीदार पर आतंकवाद संबंधी मामलों में आरोप लगाए गए हैं। राइफल खरीदने वाला व्यक्ति उस हमलावर का मित्र था जिसने सान बर्नार्डिनो में गोलीबारी की थी। संघीय अभियोक्ताओं ने बताया कि एफबीआई ने कल एनरिक मार्केज :24: को सैयद रिजवान फारूक के साथ 2011 और 2012 में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने के आरोप में कल गिरफ्तार किया । हालांकि उन्होंने इन हमलों को कभी अंजाम नहीं दिया। मार्केज फारूक का पड़ोसी और पुराना मित्र था। मार्केज ने धर्मांतरण करके इस्लाम को कबूल कर लिया था और फारूक ने उसे कट्टरपंथी बनाया था।
मार्केज पर वे दो असॉल्ट राइफलें अवैध रूप से खरीदने का भी आरोप लगाया गया है जिनका इस्तेमाल फारूक और उसकी पत्नी ताशफीन मलिक ने किया था। दंपति ने स्वास्थ्य विभाग में फारूक के सहकर्मियों की एक पार्टी में दो दिसंबर को गोलीबारी की थी जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी । इसके कुछ ही घंटों बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों हमलावर मारे गए थे। अभियोक्ताओं ने बताया कि मार्केज की हमले में कोई भूमिका नहीं थी लेकिन दंपति ने जिन बंदूकों और बम बनाने की जिस सामग्री का इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी, उन्हें मार्केज ने खरीदा था। इसी कारण उसका संबंध इस नरसंहार से है। अमेरिका की अटॉर्नी एलीन डेकर ने कहा, इस बात का फिलहाल कोई सबूत नहीं है कि मार्केज ने दो दिसंबर को हुए हमले में भाग लिया था या उसे घटना की पूर्व जानकारी थी लेकिन उसके द्वारा पूर्व में खरीदे गए हथियारों और फारूक के नरसंहार करने संबंधी इरादों के बारे में अधिकारियों को सचेत नहीं करने के घातक परिणाम निकले।
अधिकारियों ने शुरूआत में कहा था कि मार्केज ने उच्च क्षमता की बंदूकें वैध रूप से खरीदी थीं। एफबीआई ने गोलीबारी की इस घटना की जांच आतंकवादी कृत्य के रूप में की और कहा था कि मुस्लिम दंपति ऑनलाइन मिलने से पूर्व ही चरमपंथ से प्रभावित थे और उन्होंने विवाह करने से पूर्व निजी तौर पर जिहाद और शहादत के बारे में बात की थी। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि उन्हें कल जांच के बारे में जानकारी दी गई और उन्होंने घटना से जुड़ी सभी अग्यात बातों का जवाब खोजने की संघीय सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
Latest World News