1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. नफरत और डर फैला रहे हैं डोनाल्ड ट्रम्प: हिलेरी क्लिंटन

नफरत और डर फैला रहे हैं डोनाल्ड ट्रम्प: हिलेरी क्लिंटन

अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की दावेदार हिलेरी क्लिंटन ने विवादित रीयल एस्टेट कारोबारी डोनाल्ड ट्रम्प पर नफरत और डर फैलाने का आरोप लगाया है।

donald trump and hillary clinton- India TV Hindi
donald trump and hillary clinton

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की दावेदार हिलेरी क्लिंटन ने विवादित रीयल एस्टेट कारोबारी डोनाल्ड ट्रम्प पर नफरत और डर फैलाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के दावेदार पार्टी के अग्रणी नेता डोनाल्ड ट्रम्प को व्हाइट हाउस में आने से रोकने के लिए विदेशी नेता उनका समर्थन कर रहे हैं।

कल के प्राइमरीज से पहले हिलेरी ने कहा, मुझे लगता है कि अमेरिकी लोगों को सोचना चाहिए। यह साफ है कि डोनाल्ड ट्रम्प बेहद उन्मादी तरीके से अभियान चला रहे हैं और अमेरिकी लोगों के समूहों को एक दूसरे के खिलाफ कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में पूर्व विदश मंत्री ने कहा, वह नफरत और भय फैला रहे हैं। किसी फरिश्ते के समान रही हमारी प्रवृत्ति के बजाय वह बुरी प्रवृत्तियों को फैला रहे है।

हिलेरी (68) ने कहा कि जिस तरह से ट्रम्प (69) अपने दर्शकों से मुखातिब होते हैं उससे वह हिंसा को उकसाते हैं। वह 11 से 12 लाख प्रवासियों को देश से भेजने और अपने देश में मुस्लिमों के आने पर रोक की बात करते हैं जबकि हम धार्मिक आजादी में यकीन रखते हैं। उन्होंने कहा, अब बहुत हो गया, मुझे लगता है कि हम सभी को उन्हें खारिज कर देना चाहिए क्योंकि यह हमारे मूल्यों के प्रतिकूल है। सभी को रूलाकर अमेरिका को महान नहीं बनाया जा सकता और इसलिए उठिए और एक स्वर में उन्हें खारिज कर दीजिए। एक अन्य प्रश्न के जवाब में हिलेरी ने दावा किया कि ट्रम्प को रोकने के लिए विदेशी नेता उनके समर्थन को तैयार हैं।

बहरहाल उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया लेकिन यह बताया कि इटली के प्रधानमंत्री मत्तेयो रेंजी ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया है। इससे पहले हिलेरी के डेमोके्रटिक प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स ने ट्रम्प को मनोविकारी झूठा बताया था।

Latest World News