वाशिंगटन: भारत के परमाणु कार्यक्रम को विकासशील देशों में सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक बताते हुए अमेरिका स्थित एक विचार समूह ने कहा है कि 2014 के अंत तक भारत के पास पर्याप्त मात्रा में हथियार बनाने योग्य प्लूटोनियम था और परमाणु हथियारों की अनुमानित संख्या 75 से 125 थी। इंस्टीट्यूट फार साइंस एंड इंटरनेशनल सिक्योरिटी की कल जारी रिपोर्ट में कहा गया है, हालांकि हथियार बनाने योग्य प्लूटोनियम के स्टाक से भारत द्वारा बनाये गए परमाणु हथियारों की संख्या वास्तव में इससे कम होगी।
जब परमाणु हथियार बनाने में प्लूटोनियम की मात्रा और इसके भंडार पर गौर करते हैं तब यह कहना व्यवहारिक होगा कि हथियार बनाने योग्य यूरेनियम के भंडार का केवल 70 प्रतिशत ही परमाणु हथियार में उपयोग किया गया होगा। डेविड आलब्राइट और सेरेना केल्हर वेरगांटिनी ने कहा, परमाणु हथियार बनाने योग्य प्लूटोनियम से 2014 के अंत तक करीब 97 हथियार बनाने का अनुमान है जो 77 से 123 की संख्या के दायरे में हो सकता है। इन हथियार की संख्या मोटे अनुमान में 100 हो सकती है जो 75 से 125 परमाणु हथियारों के दायरे में होगी।
Latest World News