वाशिंगटन: भारत के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर इस वक्त अमेरिका दौरे पर हैं। उनकी अमेरिका के रक्षा मंत्री एश कार्टर से मुलाकात होने वाली है। दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच अमेरिका-भारत रणनीतिक भागीदारी के तहत रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर बात होगी। कार्टर ने बुधवार को पर्रिकर के सम्मान में रात्रि भोज दिया। पेंटागन में बातचीत के बाद दोनों नेता अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस आइजनहावर पर जाएंगे और पोत से विमानों की उड़ान देखेंगे।
अमेरिकी सेना की न्यूज साइट 'स्टार्स एंड स्ट्राइप्स' के मुताबिक पर्रिकर सोमवार को हवाई स्थित अमेरिकी प्रशांत कमान के मुख्यालय का दौरा करने वाले पहले भारतीय रक्षा मंत्री बने।
अमेरिका की प्रशांत कमान (पीएसीओएम) के एक बयान में बताया गया कि पीएसीओएम कमांडर एडमिरल बी. हैरिस जूनियर ने पर्रिकर से मुलाकात की। दोनों के बीच अमेरिका-भारत रणनीतिक भागीदारी को बढ़ाने और सामुद्रिक सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर बात हुई। हैरिस और पर्रिकर ने भारत-अमेरिका संयुक्त सामुद्रिक गश्त पर भी बात की। लेकिन, बयान में यह नहीं बताया गया कि किस इलाके में गश्त पर बात हुई।
इस बीच, भारत और भारतीय अमेरिकियों के कॉकस के सह अध्यक्ष डेमोक्रेट अमी बेरा और रिपब्लिकन जार्ज होल्डिंग ने बुधवार को भारतीय रक्षा एवं विमानन उद्योग के प्रमुखों से मुलाकात की।
Latest World News