न्यूयॉर्क: भारतीय मूल के एक अमेरिकी अधेड़ व्यक्ति पर हमला कर उन्हें खून से लथपथ हालत में न्यू जर्सी में सड़क पर छोड़ दिया गया। इस घटना को घृणा अपराध माना जा रहा है और हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। 57 वर्षीय रोहित पटेल पर पिछले सप्ताह नॉर्थ ब्रन्र्सविक में नायले किलगोर ने हमला बोलकर उनके सिर पर वार किया था। पटेल को गंभीर चोटें आई हैं। उनके मुंह और माथे पर टांके आए हैं और दांत भी टूट गए हैं।
सीबीएस न्यूयार्क की खबर के अनुसार, पुलिस ने 24 वर्षीय किलगोर को हिरासत में ले लिया था और उसपर घृणा की भावना के तहत डराने और हमला बोलने का आरोप लगाया गया। फिलहाल वह जमानत पर है। रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा गया कि हमलावर ने पटेल को निशाना इसलिए बनाया था क्योंकि वह भारतीय थे।
न्यू जर्सी इलाके में भारतीय मूल के पुरूषों के खिलाफ हाल में लगातार घृणा अपराध होते रहे हैं। दीपेन पटेल ने सीबीएस रिपोर्ट में कहा, मेरे पिता बहुत कमजोर और बेकसूर व्यक्ति हैं। वह तो अपनी रोजाना की सैर पर गए थे।
पटेल ने कहा कि उनके पिता पड़ोस में टहल रहे थे, तभी उनके पास आकर एक कार रूकी और उन्होंने उसमें से किसी व्यक्ति को निकलते देखा। दीपक ने कहा, उन्हें देखकर उसके दिमाग में ऐसा क्या आया कि उसने उन्हें चोट पहुंचाने का सोचा? किलगोर के रूप में पहचाने गए हमलावर ने लगभग एक मिनट तक पटेल का पीछा किया और फिर उनके सिर पर वार किया। किलगोर को जमानत दिए जाने पर सवाल उठाते हुए पटेल के बेटे ने कहा, मुझे समझ नहीं आता कि लगातार घृणा अपराध, हिंसक घृणा अपराध करने वाला उसी रात बाहर कैसे आ जाता है।
कथित हमलावर के जमानत पर बाहर आ जाने की जानकारी मिलने पर पटेल ने कहा कि उन्हें घर से निकलने में डर लगता है और स्थानीय भारतीय समुदाय के बहुत से लोग भी डरे हुए हैं। पटेल और उनकी पत्नी मई में ब्रिटेन से न्यू जर्सी आए थे। अब वे वापस जाने पर विचार कर रहे हैं। न्यू यार्क और न्यू जर्सी इलाकों में भारतीय मूल के लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। बीते कुछ समय में भारतीय मूल के अमेरिकी समुदाय के लोग लूटपाट की घटनाओं के निशाने पर रहे हैं। ऐसी घटनाएं दिवाली के बाद के दिनों में अक्सर देखने में आई हैं क्योंकि उस समय परिवारों के पास नकदी और जेवर उनके घर पर ही होता है।
Latest World News