गुजरात: अमेरिका में भारतीयों पर हमले का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। साउथ केरोलिना मे एक 60 साल की महिला मृदुला पटेल को उनकी दुकान में घुसकर एक शख्स ने गोली मार कर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद अमेरिका मे रह रहे भारतीय एक बार फिर डरे हुए हैं। मृदुला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
मृदुला पटेल नाम की महिला मूलरूप से गुजरात के तारापुर की रहने वाली थी और पिछले 15 साल से अमेरिका में साउथ केरोलिना के एटलाना शहर में अपना स्टोर चलाती थीं।
मृदुला अपना स्टोर बंद करके घर जाने की तैयारी कर रही थी तभी, दुकान में एक शख्स आया जिससे थोड़ी सी कहासुनी हुई। इसके बाद उस सिरफिरे ने मृदुला को गोली मार दी और फिर वहां से फरार हो गया।
गोली लगने के बाद मृदुला खून से लथपथ स्टोर के फर्श पर पड़ी थी। तभी वहां कोई दूसरा कस्टमर आया और उसने पुलिस को इस वारदात की खबर दी।
मृदुला की मौत के बाद यहां गुजरात के तारापुर में उनके घर मातम का माहौल है। अमेरिका से आई इस दुखद खबर से घरवाले हिल गए हैं और उन्हें इस वारदात पर यकीन नहीं हो रहा है।
अमेरिका में इन दिनों गुजराती मूल के लोगों पर हमलों की वारदात तेजी से बढ़ी है। पिछले 4 महीने में पांच गुजराती मूल के लोग हमले के शिकार हुए हैं।
इससे पहले इसी साल 17 फरवरी को कुछ बदमाशों ने न्यूजर्सी में वाइन शॉप चलाने वाले अमित पटेल की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी । इस घटना के बाद अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के लोग खौफ में हैं।
फिलहाल अमेरिकी पुलिस इस मामले की लूट के एंगल से तहकीकात कर रही है। स्टोर के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं लेकिन इस वारदात के बाद एक बार फिर अमेरिका में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Latest World News