1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ‘भगौड़ों के कारण अब बाल सैनिकों को भर्ती कर रहा है आईएस’

‘भगौड़ों के कारण अब बाल सैनिकों को भर्ती कर रहा है आईएस’

जिहादी संगठन इस्लामिक स्टेट समूह में बाल सैनिकों की बढ़ती संख्या पर अमेरिका ने कहा है कि आईएस अपने लड़ाकों के भाग जाने के कारण अब बाल सैनिकों को भर्ती कर रहा है। अमेरिकी

isis- India TV Hindi
isis

वाशिंगटन: जिहादी संगठन इस्लामिक स्टेट समूह में बाल सैनिकों की बढ़ती संख्या पर अमेरिका ने कहा है कि आईएस अपने लड़ाकों के भाग जाने के कारण अब बाल सैनिकों को भर्ती कर रहा है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कल दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह दिखाता है कि समूह के नेताओं को अपने लड़ाकों को भर्ती करने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है।

बहरहाल, उन्होंने कहा कि वह इन रिपोर्ट की पुष्टि नहीं करेंगे कि उत्तरी इराक में कुर्द पशमरगा बलों ने आईएस को छोड़ने वाले एक अमेरिकी नागरिक को अपने कब्जे में लिया था। किर्बी ने कहा, इस तरह की खबरों की पुष्टि के लिए अधिक से अधिक सूचनाएं हासिल करने के इरादे से हमलोग इराक और कुर्द अधिकारियों के साथ बहुत करीब से काम कर रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा, हालांकि, आईएस में शामिल होने वाले अधिकतर लड़ाके समूह को छोड़ रहे हैं जिसके कारण समूह ने बड़े पैमाने पर बाल सैनिकों को भर्ती करना शुरू कर दिया है।

किर्बी ने कहा, शुरूआत में उन्होंने खुफिया जानकारी एकत्र करने के लिए बच्चों का इस्तेमाल किया और उसके बाद उन्हें आत्मघाती हमलों के लिए इस्तेमाल करने लगे जो कि वे अब भी कर रहे हैं । उन्होंने कहा, अब हमें ऐसी काफी रिपोर्ट मिल रही हैं जिनमें बताया गया है कि आईएस वयस्क लड़ाकों के साथ ही बच्चों को भी हमलों में इस्तेमाल कर रहा है । किर्बी ने कहा कि बहरहाल, अमेरिका का अब भी मानना है कि आईएस का खतरा बहुत गंभीर है और वे बहुत घातक हैं।

Latest World News