न्यूयार्क: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार माइक्रोसॉफ्ट 6 अक्टूबर को सुबह 10 बजे (स्थानीय समय के अनुसार) अमेरिका के न्यूयार्क शहर में विंडोज़ 10 डिवाइसेज़ इवेंट का आयोजन करने जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट का दावा है कि वह विंडोज़ 10 डिवाइसेज़ के बारे में कुछ रोमांचक बातें जनता को बताना चाहती है। पिछले दिनों द वर्ज में प्रकाशित एक खबरे के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट के फ्लैगशिप फोन लूमिया 950 और लूमिया 950XL को इस इवेंट के दौरान लॉंच किया जा सकता है। कुछ दिनों पूर्व खुद माइक्रोसॉफ्ट से ही एक छोटी-सी भूल हो गई, जिससे कंपनी के इन दोनों फ्लैगशिप हैंडसेट्स के फीचर्स उसके ऑनलाइन स्टोर पर पोस्ट हो गए थे, लेकिन इससे माइक्रोसॉफ्ट के फैन्स का उत्साह कम नहीं हुआ है। सबको इंतज़ार है कि माइक्रोसॉफ्ट इस दौरान और क्या-क्या घोषणाएं करती है औऱ ये हैंडसेट्स भारत में कब तक उपलब्ध होंगे।
लीक हुई जानकारी के अनुसार हैंडसेट में होगा 20 मेगापिक्सल कैमरा
द वर्ज में प्रकाशित एक लेख के अनुसार Lumia 950 औऱ 950 XL दोनों ही मॉडल्स अनलॉक्ड उपलब्ध होंगे, तो इसका अर्थ यह है कि खरीदारों को यह सुविधा रहेगी कि वे अपनी पसंद के किसी भी मोबाइल नेटवर्क को चुन सकते हैं। इसके अलावा इन दोनों मॉडल्स में 20 मेगापिक्सल कैमरा लगा है औऱ 32 जीबी की स्टोरेज उपलब्ध होगी। लूमिया 950 का स्क्रीन साइज़ 5.2 इंच है, जबकि लूमिया 950 XL की स्क्रीन 5.7 इंच है।
(फोटो: साभार द वर्ज)
विंडोज़ 10 डिवाइसेज़ इवेंट के मौके पर ऑफिशियल लॉंचिंग संभव
उम्मीद की जा रही है कि अक्टूबर 6 को अपनी विशेष विंडोज़ 10 डिवाइसेज़ इवेंट के मौके पर माइक्रोसॉफ्ट न्यूयार्क में इन दोनों हैंडसेट्स की ऑफिशियल घोषणा कर सकती है। माइक्रोसॉफ्ट के इन दोनों फोन्स को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। भारत में यह फोन कब तक उपलब्ध होगा, फिलहाल इस बात की कोई घोषणा नहीं की गई है।
और खूबियां जानने के लिए 6 अक्टूबर तक का इंतज़ार
अब इन दोनों ही हैंडसेट्स में और क्या-क्या खूबियां हैं, यह तो 6 अक्टूबर को माइक्रोसॉफ्ट की विंडोज़ 10 इवेंट में इनके ऑफिशियल लॉंच के बाद ही पता चलेगा।
Latest World News