वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और सउदी अरब के शाह सलमान के बीच कल होने वाली बैठक के दौरान ईरान के साथ ऐतिहासिक परमाणु संधि, ISIS के बढ़ते खतरे और पश्चिम एशिया में स्थिति पर चर्चा होगी। जनवरी में सत्ता संभालने के बाद सउदी के शाह की अमेरिका की यह पहली यात्रा होगी और अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा के साथ उनकी यह दूसरी मुलाकात होगी।
इससे पहले ओबामा जनवरी में पूर्वर् शाह अब्दुल्ला के निधन के बाद शोक व्यक्त करने के लिए दिल्ली से रियाद गए थे। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा के उप सलाहकार बेन रोड्स ने कल संवाददाताओं से कहा, क्षेत्र में चल रही कई गतिविधियों के बीच यह एक महत्वपूर्ण समय में एक महत्वपूर्ण यात्रा है। सउदी अरब के साथ हमारे साझा हित जुड़े हैं और ईरान समझौते के हालिया निष्कर्ष के मद्देनजर भी यह एक अहम यात्रा है। इस मुलाकात में हम सउदी अरब और अन्य खाड़ी सहयोगियों के साथ कैम्प डेविड शिखर सम्मेलन के बाद की कार्रवाई पर भी चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में पश्चिम एशिया मामलों के लिए वरिष्ठ निदेशक जेफ प्रेसकॉट ने बताया कि ओबामा और शाह सलमान के बीच ईरानी परमाणु संधि पर भी चर्चा होने की संभावना है।
Latest World News