1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. आतंकी हमला: अमेरिकी क्लब में गोलीबारी में 50 लोगोंं की मौत

आतंकी हमला: अमेरिकी क्लब में गोलीबारी में 50 लोगोंं की मौत

फ्लोरिडा के ओरलैंडो स्थित एक गे क्लब में भारी हथियारों से लैस हमलावर द्वारा शनिवार देर रात अंधाधुंध गोलियां चलाए जाने और कुछ लोगों को बंधक बना लेने के हादसे में 50 लोग मारे गए हैं।

orlando- India TV Hindi
orlando

ओरलैंडो (अमेरिका): फ्लोरिडा के ओरलैंडो स्थित एक गे क्लब में भारी हथियारों से लैस हमलावर द्वारा शनिवार देर रात अंधाधुंध गोलियां चलाए जाने और कुछ लोगों को बंधक बना लेने के हादसे में 50 लोग मारे गए हैं जबकि 53 अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस का कहना है कि अमेरिका के इतिहास में यह अब तक का सबसे भयावह गोलीबारी कांड है।

दोस्तों से साथ मौज मस्ती कर रहे, नाच-गा रहे लोगों वाला यह क्लब कुछ ही देर में मातम से भर गया। हादसे में जीवित बचे लोगों ने बताया कि कैसे हमलावर ने क्लब में सभी को गोलियों से भूनना शुरू कर दिया और बचाव के लिए पुलिस तथा स्पेशल वेपन्स एण्ड टैक्टिक्स टीम :स्वात :को मौके पर पहुंचना पड़ा। मीडिया के अनुसार, हमलावर अफगान मूल का अमेरिकी नागरिक था।

ओरलैंडो के मेयर बडी डेयर ने संवाददाताओं से कहा, हमने भवन को साफ कर लिया है और बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमलावर के अलावा 20 नहीं बल्कि 50 लोगों की मौत हुई है। यह पहले बताई गई मृतक संख्या के मुकाबले दोगुना से भी ज्यादा है। उन्होंने कहा, 53 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

राष्ट्रपति बराक ओबामा को उनके आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद-निरोधी सहायक लगातार इसकी सूचना दे रहे हैं कि फ्लोरिडा की पुलिस इस आतंकवादी हमले में क्या जांच कर रही है। एफबीआई अधिकारी रोनाल्ड हॉपर ने संवाददाताओं को बताया कि अधिकारियों को पूरा विश्वास है कि क्षेत्र में या अमेरिका को फिलहाल कोई आसन्न खतरा नहीं है।

हालांकि अपराध की गंभीरता को देखते हुए ओरलैंडो के मेयर ने शहर में आपात स्थिति घोषित कर दी है और फ्लोरिडा सरकार से पूरे राज्य में ऐसे ही कदम उठाने का अनुरोध किया है। संघीय सरकार ने जांच में अपनी ओर से पूर्ण सहयोग की पेशकश की है।

Latest World News