वाशिंगटन: आंतकवाद एवं परमाणु अप्रसार पर कांग्रेस की एक उपसमिति की अध्यक्षता करने वाले एक शीर्ष अमेरिकी सांसद का कहना है कि पाकिस्तान ने खुद को बार बार धूर्त और धोखेबाज साबित किया है। साथ ही उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति से इस्लामाबाद के साथ किसी भी प्रकार के असैन्य परमाणु करार पर हस्ताक्षर नहीं करने की अपील भी की है। कांग्रेस के सदस्य टेड पो ने ओबामा को लिखे एक पत्र में कल कहा कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय या किसी भी अन्य प्रासंगिक बहुपक्षीय मंच पर असैन्य परमाणु समझौते का समर्थन करने के मामले में अमेरिका द्वारा किसी भी प्रकार का विचार विमर्श किए जाने की बात करें तो पाकिस्तान का मौजूदा और पुराना रिकॉर्ड उसे अयोग्य बना देता है।
आतंकवाद, परमाणु अप्रसार और व्यापार की उपसमिति के अध्यक्ष टेड पो ने अपने पत्र में ओबामा से अपील की कि वह अमेरिका और पाकिस्तान के बीच असैन्य परमाणु समझौते के संबंध में किसी भी प्रकार की वार्ता नहीं करें। उन्होंने कहा, पाकिस्तान ने बार बार स्वयं को धूर्त और धोखेबाज साबित किया है। टेड पो ने आरोप लगाया यह देश न केवल अफगानिस्तान में अमेरिकी बलों और उनके हितों पर हमला करने वाले आतंकवादी संगठनों को आश्रय देता है बल्कि उसने ईरान जैसे देशों के साथ पूर्व में किए गए परमाणु सौदों के मामले भी अपनी ईमानदारी साबित नहीं की है।
Latest World News