वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की कोशिश में जुटे बर्नी सैंडर्स ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका का राष्ट्रपति बनने से रोकने का संकल्प लिया है।
सैंडर्स के उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल रहने से डेमोक्रेटिक पार्टी की एकता को खतरा बताया जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात के बाद गुरुवार को सैंडर्स ने यहां कहा, "यह कहने की जरूरत नहीं है कि मैं अपनी तरफ से वह हर प्रयास करने जा रहा हूं, जिससे ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं बन सकें।"
उन्होंने कहा, "मुझे इस बात पर अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि 2016 के चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी के पास ऐसा उम्मीदवार होगा, जिसने अपने चुनाव अभियान के दौरान कट्टरता व भेदभाव को अस्त्र के रूप में इस्तेमाल किया।"
इस बीच, सैंडर्स ने कहा कि उन्होंने हिलेरी क्लिंटन से पहले ही बात कर ली थी, जब उन्होंने उम्मीदवार बनने के लिए पर्याप्त प्रतिनिधियों के समर्थन की जरूरतें पूरी कर ली थी।
सैंडर्स ने कहा कि वह और पूर्व विदेश मंत्री (हिलेरी क्लिंटन) ट्रंप को हराने के लिए आपस में साथ मिलकर किस प्रकार काम किया जाए, इसपर जल्द ही बातचीत करेंगे।
सैंडर्स ने हालांकि क्लिंटन को समर्थन देने से अभी भी इंकार किया और अगले सप्ताह अंतिम नामांकन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की बात कही।
उम्मीदवार बनने की दौड़ में आंकड़ों के खेल में हार के बाद भी सैंडर्स जुलाई में नेशनल कन्वेंशन तक अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प पहले ही ले चुके थे। जुलाई में अंतिम उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
सैंडर्स यूएस कांग्रेस में डेमोक्रेटिक नेताओं तथा उपराष्ट्रपति जो बिडेन से भी मुलाकात करेंगे।
अप्रैल में यूगोव के सर्वे में यह बात सामने आई है कि सैंडर्स के 63 फीसदी समर्थक क्लिंटन को वोट देने के इच्छुक हैं।
Latest World News