लॉस एंजिलिस: दुनिया में कई ऐसी घटनाएं होती हैं जिनके ऊपर यकीन हो पाना बहुत मुश्किल होता है। ऐसी ही घटनाओं को चमत्कार का नाम दिया जाता है। इसी तरह की एक घटना अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित सैन डिएगो में हुई, जहां कल्पना से भी छोटी एक बच्ची ने 5 महीने तक मौत से डटकर लोहा लेते हुए जीतकर ही दम लिया। जी हां, बहुत कम वजन होने के बावजूद जीवित बचने वाली दुनिया की सबसे छोटी बच्ची सेबाई को 5 महीने बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है।
जन्म के समय 245 ग्राम था वजन
यह बात आपको हैरान करने के लिए काफी होगी कि जन्म के वक्त सेबाई का वजन महज 245 ग्राम था। वह इतनी छोटी थी कि बिस्तर पर सही से नजर भी नहीं आती थी। आप सेबाई को अपनी हथेलियों पर आसानी से रख सकते थे। जन्म के समय उसे देखकर यकीन ही नहीं होता था कि वह इस दुनिया में ज्यादा देर तक रह पाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 23 हफ्ते तीन दिन की सेबाई का जन्म पिछले साल दिसंबर मे सैट डिएगो के शार्प मैरी बिर्च हॉस्पिटल फॉर विमेन एंड न्यूबॉर्न में हुआ था।
यह चमत्कार ही है कि अब सेबाई पूरी तरह स्वस्थ है | AP
डॉक्टर ने कहा था, बस कुछ घंटे जिएगी सेबाई
सेबाई का जीवित बचना इसलिए भी खुशी दे जाता है क्योंकि डॉक्टरों ने सेबाई के माता-पिता से कहा था कि वह बस कुछ ही घंटे जिंदा रह पाएगी। लेकिन 5 महीने बीतने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दी गई है और अब उसका वजन 2.5 किलोग्राम है। अस्पताल में सेबाई की देखभाल करने वाली नर्स ने कहा कि उसका स्वस्थ होना और अस्पताल से छुट्टी मिलना ‘चमत्कार’ है।
सेबाई ने मौत से जमकर मुकाबला किया और अब उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है | AP