न्यूयार्क: एक सिख अमेरिकी अभिनेता और डिजाइनर को मैक्सिको सिटी से न्यूयॉर्क जा रहे एक विमान में उस समय चढ़ने से रोक दिया गया जब उन्होंने सुरक्षा जांच के दौरान अपनी पगड़ी उतारने से इंकार कर दिया। मैनहटन के रहने वाले वारिस अहलूवालिया :41: ने बताया कि वह कल सुबह करीब पांच बज कर 30 मिनट पर मैक्सिको सिटी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ऐरोमैक्सिको एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचे और उन्हें प्रथम श्रेणी का बोर्डिंग पास दिया गया जिस पर एसएसएसएस कोड लिखा हुआ था। उनके अनुसार इस कोड का मतलब था कि उन्हें दूसरी बार सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।
ऑस्कर के लिए नामित फिल्म द ग्रांड बुडापेस्ट होटल और अमेरिकी टेलीविजन धारावाहिक द केरी डायरीज में काम कर चुके अहलूवालिया ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर ऐरोमेक्सिको के विमान का टिकट पकड़े हुये अपनी एक फोटो अपलोड की जो अब किसी काम का नहीं है। तस्वीर के साथ में उन्होंने लिखा, मुझे आज सुबह मेक्सिको सिटी में बताया गया कि मैं अपनी पगड़ी के कारण न्यूयॉर्क जाने वाली ऐरोमेक्सिको उड़ान में सवार नहीं हो सकता। अहलूवालिया ने बताया कि जब वह न्यूयॉर्क सिटी जाने वाली उड़ान संख्या 408 में सवार होने के लिए गेट पर पहुंचे तो उनसे कहा गया कि वह एक तरफ हटकर खड़े हो जाएं और अन्य यात्रियों को विमान में सवार होने दें।
अहलूवालिया एक सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं जिन्होंने सिख धर्म के प्रति व्यापक जागरूकता के लिए अभियान भी चलाया है। वह 2013 में गैप मैक लव के एक विज्ञापन में एक मॉडल के रूप में दिखाई दिए थे। यह विज्ञापन न्यूयार्क सिटी के उपमार्गों पर लगाया गया था और बाद में इस पर जातिवादी टिप्पणी करके इसे विरूपित कर दिया गया था। अहलूवालिया ने बताया कि उनके बोर्डिंग पास पर एस शब्द का चार बार उल्लेख किया गया था और मार्कर से उसके चारों ओर गोला लगाया गया था। उन्होंने कहा कि इस चिह्न का मतलब एयरलाइन के चालक दल के सदस्यों को सर्तक करना था कि यात्री की अतिरिक्त सुरक्षा जांच की जाने की आवश्यकता है।
वह 12 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हवाई अड्डे पर हैं। अहलूवालिया ने बताया कि एक नागरिक अधिकार समूह सिख कोलिएशन के वकीलों ने ऐरोमेक्सिको से टेलीफोन पर बात की है इसलिए उनकी वही रकने की योजना है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी दूसरे विमान से जाने की तत्काल कोई योजना नहीं है।
Latest World News