वाशिंगटन: ट्रंप प्रशासन के आव्रजन संबंधी विवादित आदेश को लेकर भ्रम और अमेरिकी हवाईअड्डों पर कानूनी स्थानीय निवासियों को रोके जाने की खबरों के बीच अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ग्रीन कार्ड धारकों का अमेरिका में प्रवेश उसके राष्ट्रीय हित में है।
आंतरिक सुरक्षा मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) जॉन केली ने कहा कि राष्ट्रपति के शासकीय आदेश के प्रावधानों को लागू करने के दौरान मुझे लगता है कि वैध स्थाई निवासियों को प्रवेश देना राष्ट्रहित में है। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा और कल्याण पर गंभीर खतरे की जानकारी वाली सूचना से लगता है कि वैध स्थाई निवासी का दर्जा केस दर केस को निपटाने में असरदार कारक साबित होगा।
मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी सीमाशुल्क एवं सीमा सुरक्षा (सीबीपी) ने अदालत के आदेशों को लागू करने के लिए कदम उठाने तत्काल शुरू कर दिए हैं और इसी के साथ वह ट्रंप के शासकीय आदेश को 90 दिनों तक लागू करने के लिए कानून एवं विदेश मंत्रालय के साथ मिल कर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले 30 दिनों में आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय उन देशों की ओर से उपलब्ध कराई गई सूचना की देश दर देश समीक्षा करेगा जिनके नागरिकों ने अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन किया है। नए आदेश के अनुसार शरणार्थी प्रवेश कार्यक्रम अगले 120 दिन तक के लिए बंद रहेगा।
Latest World News