पणजी: गोवा के फैबइंडिया मामले में कांग्रेस ने रविवार को एक अन्य प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी है। कांग्रेस का आरोप है कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पुलिस इस मामले में जारी जांच बंद करने की साजिश रच रही है। गोवा महिला कांग्रेस की प्रमुख उरफान मुल्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर द्वारा बेंगलुरू में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दिए गए बयान से लग रहा है कि उनका इरादा इस मामले की जांच को रोकने का है।
मुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा, "कोई मुख्यमंत्री इस तरह के बयान कैसे दे सकता है जब पुलिस जांच जारी हो? अगर ऐसा चलता रहा तो कांग्रेस स्वयं फैब इंडिया और इसके शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी। हम ऐसा उन हजारों महिलाओं की सुरक्षा के लिए करेंगे जो इस तरह के स्टोर में जाकर खरीददारी करती हैं, जहां पर संदिग्ध स्थान पर लगाया गया सीसीटीवी कैमरा एक खतरा है।"
पारसेकर ने शनिवार को बेंगलुरू में संवाददाताओं से कहा था, "स्मृति से पहले ट्रायल रूम का इस्तेमाल करने वाली कई महिलाओं की तस्वीरें मिली हैं। लेकिन वे तस्वीरें पूरी नहीं हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि यह जानबूझकर नहीं बल्कि अनजाने में हुआ है।"
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने फैबइंडिया के गोवा स्थित शोरूम में खरीददारी करते समय एक ऐसा सीसीटीवी कैमरा पाया था जिसका फोकस ट्रालय रूम की ओर था। इसके बाद शनिवार को पारसेकर का बयान आया था।
मुल्ला ने कहा कि इस मामले में पुलिस की मंशा जांच बंद करने की लग रही है।
उन्होंने कहा, "इतना सनसनीखेज मामला होने के बाद भी पुलिस ने फैबइंडिया के अधिकारियों को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए मोहलत दे दी है। उन्हें गिरफ्तार करने की जरूरत है ताकि सबूत नष्ट न हो पाएं।"
फैब इंडिया ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति से औपचारिक माफी मांगी थी, हालांकि कंपनी ने अपनी ओर से किसी तरह की गलती से इंकार किया है।
गोवा के स्टोर से शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए फैब इंडिया के चार कर्मचारियों को शनिवार को एक निचली अदालत ने जमानत दे दी।
Latest India News