वाशिंगटन: अमेरिकी समुद्री जहाज ने 38 साल बाद फिर क्य़ूबा की ओर अपनी ऐतिहासिक यात्रा का आगाज किया। बीते रविवार अमेरिका से कार्निवाल कोर्प्स अडोनिया नामक जहाज क्यूबा की राजधानी हवाना के लिए रवाना हुआ। इस जहाज में करीब 704 यात्री सवार हैं। यह जहाज 7 दिवसीय यात्रा पर निकला है, जो कि दक्षिण-मध्य क्यूबा के सिएनफ्यूगोस और दक्षिण-पश्चिमी सैंटियागो डे क्यूबा बंदरगाह भी जाएगा।
क्यूबा के लिए रवाना हुए कार्निवाल कोर्प्स अडोनिया के जहाजों का संचालन इसकी 10वीं और नई लाइन फैटम करेगी। कंपनी के अनुसार, अडोनिया नामक यह यात्री जहाज प्रत्येक दूसरे सप्ताह मियामी से क्यूबा का समुद्री सफर करेगा।
यह जहाज यात्रा उस वक्त हो रही है, जब क्यूबा ने क्यूबा में जन्मे लोगों के लिए समुद्र से अमेरिका की यात्रा करने की सहुलियत देने के लिए अपनी नीति में ढील दे दी है। अमेरिका के बंदरगाह से क्यूबा के लिए ऐसी पिछली समुद्री जहाज यात्रा 1978 में हुई थी।
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के 20-22 मार्च के क्यूबा दौरे के दौरान कंपनी को क्यूबा की सरकार ने अमेरिका से क्यूबा की समुद्री यात्रा करने के लिए हरी झंडी दे दी थी। ओबामा ने क्यूबा के प्रति अमेरिका के यात्रा व व्यापार प्रतिबंधों में ढील दी है।
Latest World News