वाशिंगटन: अमेरिका ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ भारत के एक हजार से अधिक मुस्लिम धार्मिक नेताओं द्वारा जारी किए गए फतवे का स्वागत किया है। फतवे में ISIS की करतूतों को गैर इस्लामी और अमानवीय करार दिया गया है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हेलेना व्हाइट ने पीटीआई-भाषा से कहा, हम इन खबरों का स्वागत करते हैं कि भारत में मुस्लिम समुदाय के नेताओं और धर्मगुरओं ने इस्लामिक स्टेट की निन्दा की है।
दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी रखने वाले भारत के मुसलमानों से इस तरह के संदेश को अमेरिका आईएस के खिलाफ एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखता है। भारत में एक मुस्लिम कार्यकर्ता ने हाल में दावा किया कि अनेक मुफ्तियों, इमामों और इस्लामी विद्वानों ने आईएस के नेताओं, लड़ाकों और अनुयायियों के खिलाफ फतवा जारी किया है और उनकी करतूतों को इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ करार दिया है। मुंबई की इस्लामिक डिफेंस साइबर सेल के अध्यक्ष अब्दुर रहमान अंजारिया ने एक बयान में दावा किया कि 1,050 से अधिक भारतीय इस्लामी विद्वानों और धर्मगुरओं ने आईएस के खिलाफ फतवा जारी किया है और इस संगठन की सोच को गैर इस्लामी तथा अमानवीय करार दिया है।
Latest World News