श्रेवेपोर्ट: लुइसियाना से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घरेलू झगड़े ने इतना हिंसक रूप धारण कर लिया कि फायरिंग में 8 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना को घरेलू झगड़े की वजह से अंजाम दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू झगड़े में हुई फायरिंग में 8 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की उम्र 1 से 14 साल के बीच थी। श्रेवेपोर्ट पुलिस प्रमुख वेन स्मिथ के अनुसार, गोलीबारी रविवार सुबह करीब 6 बजे हुई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कुल 10 लोग घायल भी हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
संदिग्ध हमलावर भी मारा गया
स्मिथ के मुताबिक, इस घटना में हमलावर का पीछा किया गया और पुलिस ने उसको गोली मारी। इस गोलीबारी में हमलावर की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने एक वाहन को छीनकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस उसका पीछा करती रही। वाहन का पीछा करते समय पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें हमलावर की मौत हो गई। लुइसियाना राज्य पुलिस इस गोलीबारी की जांच कर रही है।
राज्य पुलिस ने एक बयान में कहा, "जांचकर्ता घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं और आगे की जानकारी जुटा रहे हैं।" राज्य पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई भी अधिकारी घायल नहीं हुआ।
कांग्रेस में श्रेवेपोर्ट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जॉनसन ने कहा, "इस बेहद कठिन समय में हम पीड़ितों, उनके परिवारों और प्रियजनों, और अपने श्रेवेपोर्ट समुदाय को अपनी प्रार्थनाओं और विचारों में याद कर रहे हैं।"
इस घटना पर मेयर टॉम आर्सेनेक्स ने कहा, "यह एक दुखद स्थिति है, शायद श्रेवेपोर्ट में अब तक की सबसे बुरी दुखद स्थिति है।"
श्रेवेपोर्ट पुलिस प्रमुख वेन स्मिथ ने कहा, "मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं? मेरा दिल स्तब्ध है। मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि ऐसी घटना कैसे हो सकती है।"
Latest World News