1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को दी चेतावनी, बोले- '50 दिन के भीतर जंग नहीं रुकी तो...'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को दी चेतावनी, बोले- '50 दिन के भीतर जंग नहीं रुकी तो...'

रूस और यूक्रेन के बीच जंग रोकने को लेकर अब तक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हर कोशिश असफल साबित हुई है। इस बीच ट्रंप ने रूस को कड़े शब्दों में चेतावनी दे दी है। चलिए आपको बताते हैं कि ट्रंप ने कहा क्या है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

वाशिंगटन: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। रूस ने हाल के दिनों में यूक्रेन में हमले तेज कर दिए हैं। जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर रूस को धमकी दे डाली है। ट्रंप ने कहा है कि अगर यूक्रेन में जंग समाप्त करने को लेकर 50 दिन के भीतर कोई समझौता नहीं होता है तो वह रूस पर कड़े शुल्क लगाएंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने नाटो महासचिव मार्क रूट के साथ ‘ओवल ऑफिस’ में बैठक के दौरान यह घोषणा की है। 

ट्रंप ने क्या कहा?

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "अगर 50 दिन में कोई समझौता नहीं हुआ तो हम बहुत कड़े शुल्क लगाएंगे।" उन्होंने यह नहीं बताया कि शुल्क कैसे लागू किए जाएंगे। ट्रंप ने कहा, "मैं व्यापार का इस्तेमाल कई चीजों के लिए करता हूं। लेकिन, युद्धों के समाधान के लिए यह बहुत अच्छा कदम है।" 

ट्रंप ने किसे कहा था 'तानाशाह'?

ट्रंप लंबे समय से पुतिन के साथ अपने मैत्रीपूर्ण संबंधों का बखान करते रहे हैं, और जनवरी में पदभार ग्रहण करने के बाद से उन्होंने कई बार कहा है कि यूक्रेन से ज्यादा रूस शांति समझौते के लिए इच्छुक है। साथ ही, ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर युद्ध को लंबा खींचने का आरोप लगाया और उन्हें 'तानाशाह' तक कहा। हालांकि, यूक्रेन के आवासीय इलाकों पर रूस के लगातार हमलों के बाद ट्रंप ने रूस पर निशाना साधा है। 

ट्रंप के विशेष दूत से मिले जेलेंस्की

इस बीच, यूक्रेन और रूस के लिए ट्रंप के विशेष दूत ने सोमवार को कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने और ट्रंप के दूत, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल कीथ केलॉग ने यूक्रेनी वायु रक्षा को मजबूत करने, संयुक्त हथियार उत्पादन और यूरोपीय देशों के साथ मिलकर अमेरिकी हथियारों की खरीद के साथ-साथ रूस पर कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की संभावना के बारे में सार्थक बातचीत की है।

क्या बोले जेलेंस्की?

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ‘टेलीग्राम’ पर कहा, "हमें अमेरिका के नेतृत्व से उम्मीद है, क्योंकि यह स्पष्ट है कि रूस तब तक नहीं रुकेगा जब तक उसकी महत्वाकांक्षाओं को बलपूर्वक नहीं रोका जाता।" रूस ने राजधानी कीव सहित यूक्रेन के शहरों पर सैकड़ों ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है, जिनका मुकाबला करने में यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

चीन की सैन्य गतिविधियों के चलते भड़का जापान, दिया बड़ा बयान; बढ़ाई सैन्य तैनाती

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिले विदेश मंत्री एस जयशंकर, दिया पीएम मोदी का संदेश

Latest World News