ट्रिला (इलिनॉयस): अमेरिका में विमान हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गत 15 दिनों में करीब आधा दर्जन से अधिक विमान हादसे हो चुके हैं। इस बीच शनिवार को अमेरिका के इलिनॉयस राज्य में एक और विमान हादसा हो गया। यह विमान एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद गिर गया। इससे उसमें सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई।
कोल्स काउंटी के कोरोनर (अस्वाभाविक कारणों से होने वाली मौत के मामलों की जांच करने वाले अधिकारी) एड श्नीयर्स ने बताया कि मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हालांकि, श्नीयर्स ने परिजनों को सूचित किए जाने तक मृतकों की पहचान उजागर करने से इनकार किया।
सुबह करीब 10 बजे हुई दुर्घटना
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने ईमेल के जरिए जानकारी दी कि यह दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे ट्रिला के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ‘सेसना सी80जी’ विमान बिजली के तारों से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ। गवर्नर जेबी प्रिट्जकर ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा,‘‘ कोल्स काउंटी से दुखद खबर मिली है। हमारी प्रशासनिक टीम स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। इससे पहले भी गत 2 हफ्तों में अमेरिका में अलग-अलग जगहों पर कई विमान हादसे हो चुके हैं। (एपी)
Latest World News