America Shutdown: अमेरिका में जारी ‘शटडाउन’ की वजह से हालात लगातार बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं। हवाई यातायात नियंत्रक की कमी के चलते उड़ानों में देरी होने का सिलसिला जारी है। न्यूयॉर्क शहर में स्थित नेवार्क हवाई अड्डे पर उड़ानों में 2 से 3 घंटे की देरी हो रही है। उड़ानों में देरी की वजह से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रभावित हो रही है हवाई सेवा
न्यूयॉर्क शहर के आपातकालीन प्रबंधन कार्यालय ने बताया कि नेवार्क एयरपोर्ट में हो रही देरी का असर क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों पर भी पड़ रहा है। न्यूयॉर्क आने-जाने वाले या न्यूयॉर्क से होकर जाने वाले यात्रियों को इसकी वजह से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ‘फ्लाइटअवेयर’ नाम की वेबसाइट ने बताया कि रविवार शाम तक अमेरिका में 4,295 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई साथ ही 557 उड़ानें रद्द हुईं।
Image Source : apAir Traffic Control Tower
और बिगड़ सकते हैं हालात
अमेरिका में ‘शटडाउन’ (सरकारी कामकाज के लिए वित्तपोषण की कमी) लागू होने से पहले लगभग 69 प्रतिशत उड़ान समय पर संचालित की जा रही थीं और 2.5 फीसद रद्द की गई थीं। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने चेतावनी दी है कि जितने लंबे समय तक नियंत्रकों को वेतन नहीं मिलेगा, यात्रियों को उड़ानों के दौरान उतने समय तक परेशानी उठानी पड़ेगी। अमेरिका में सरकारी खर्चों के लिए पैसा खत्म होने के बाद संसद की ओर से एक वित्तीय पैकेज को मंजूरी दिलानी होती है। संसद की मंजूरी नहीं मिलने के बाद ‘शटडाउन’ लागू किया जाता है।
कब शुरू हुआ था शटडाउन?
अमेरिका में शटडाउन एक अक्टूबर को तब शुरू हुआ था जब डेमोक्रटिक पार्टी के सदस्यों ने अल्पकालिक वित्तीय सहायता के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और मांग करते हुए कहा कि विधेयक में ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ के तहत स्वास्थ्य बीमा के लिए संघीय रियायत का विस्तार शामिल किया जाए। फिलहाल, शटडाउन को लेकर अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ता दिख रहा है और आम लोग इससे सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। (एपी)
यह भी पढ़ें:
ताइवान पर हमला करेगा चीन? अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'वे इसके परिणाम जानते हैं...'
भूकंप के तेज झटके से हिला भारत का ये पड़ोसी देश, जानें रिक्टर स्केल पर कितनी रही तीव्रता
Latest World News