America Venezuela Tension LIVE Updates: निकोलस मादुरो की न्यूयॉर्क फेडरल कोर्ट में पेशी, ड्रग्स तस्करी का आरोप
अमेरिकी ने वेनेजुएला में हमला कर वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया था। अमेरिका की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई को बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आपात बैठक होने वाली है।

America Venezuela Tension: अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला करने और निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद बड़ा ऐलान किया था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका वेनेज़ुएला को तब तक चलाएगा, जब तक कि विवेकपूर्ण सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता। अब अमेरिका ने इस मामले पर पलटी मार ली है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि वेनेजुएला के शासन में उनके देश की कोई भूमिका नहीं होगी। वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को लेकर सोमवार को UNSC की आपात बैठक होगी। वेनेजुएला से जुड़े ताजा अपडेट्स जानने के लिए इंडिया टीवी की डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें।
Live updates : America Venezuela Tension LIVE Updates: UNSC की आपात बैठक से पहले अमेरिका का बड़ा ऐलान
-
January 05, 2026 8:13 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
बख्तरबंद गाड़ी से कोर्ट पहुंचे मादुरो
वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो सोमवार को न्यूयॉर्क की एक कोर्ट में पहुंच गए हैं। 63 वर्षीय मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप है। शनिवार को अमेरिकी हमले में दोनों को जबरन कराकस से बाहर ले जाया गया, जिसमें कमांडो लड़ाकू विमानों और नौसेना बलों के समर्थन से हेलीकॉप्टरों से उतरे और उन्हें पकड़ लिया था। सोमवार सुबह, मादुरो को भारी हथियारों से लैस पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा में हेलीकॉप्टर और बख्तरबंद गाड़ी से न्यूयॉर्क की एक कोर्ट में ले जाया गया।
-
January 05, 2026 7:24 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
निकोलस मादुरो की कोर्ट में पेशी
वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को ब्रुकलिन के एक डिटेंशन सेंटर से मैनहट्टन की एक कोर्ट में ले जाया गया। दोनों के हाथों में हथकड़ी लगी हुई थी। कोर्ट में उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की पूरी लिस्ट पढ़ी जाएगी।
-
January 05, 2026 5:41 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
मादुरो पर लगाए गए हैं ये चार आरोप
निकोलस मादुरो को आज न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश किया जाना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निकोलस मादुरो पर चार आरोप लगाए गए हैं। ये आरोप नार्को-टेररिज्म की साजिश, कोकीन इंपोर्ट की साजिश, मशीन गन और खतरनाक डिवाइस रखने और मशीन गन और खतरनाक डिवाइस रखने की साजिश का आरोप लगाया गया है।
-
January 05, 2026 4:09 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
चीन ने अमेरिका को UN में सामना करने को लेकर दी धमकी
चीन के शीर्ष राजनयिक वांग ने वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क में मुकदमे के लिए पेश करने के लिए अमेरिका पर विश्व न्यायाधीश की तरह काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजिंग इस कदम की वैधता को लेकर संयुक्त राष्ट्र में वाशिंगटन का सामना करने के लिए तैयार है।
-
January 05, 2026 1:49 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत की प्रतिक्रिया बहुत संतुलित है
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले पर भारत के जवाब पर, वेनेजुएला में भारत के पूर्व राजदूत वाईके सिन्हा ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने कुल मिलाकर इस कार्रवाई का समर्थन नहीं किया है। भारत की प्रतिक्रिया बहुत संतुलित है, स्थिति अभी भी बदल रही है, इन हालात में सभी पक्षों से बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने का आग्रह करना सबसे अच्छा है।"
-
January 05, 2026 1:11 PM (IST) Posted by Amit Mishra
वेंस ने किया सैन्य कार्रवाई का बचाव
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई का बचाव किया है। वेंस ने कहा कि वेनेजुएला ड्रग तस्करी में शामिल है और लंबे समय से जब्त तेल संपत्तियों का इस्तेमाल उन गतिविधियों को फंड करने के लिए किया है, जिन्हें 'नारकोटेररिस्ट गतिविधियां' कहा जाता है। इस आलोचना का जवाब देते हुए कि वेनेजुएला का ड्रग व्यापार से बेहद कम संबंध है, वेंस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसे दावे गुमराह करने वाले हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कोकीन की तस्करी लैटिन अमेरिकी ड्रग कार्टेल के फाइनेंस का मुख्य हिस्सा बनी हुई है।
-
January 05, 2026 11:18 AM (IST) Posted by Amit Mishra
वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई पर क्या बोले ट्रंप?
वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मुझे संभावित खतरे के बारे में पता था, यह बहुत खतरनाक ऑपरेशन था। हमारे कुछ लोग घायल हुए, लेकिन अभी सभी ठीक हैं। एक हेलीकॉप्टर को काफी नुकसान हुआ, लेकिन हम सबकुछ वापस ले आए और कोई मारा नहीं गया।"
-
January 05, 2026 11:03 AM (IST) Posted by Amit Mishra
मादुरो की रिहाई के लिए वेनेजुएला ने बनाया आयोग
वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की रिहाई के लिए एक आयोग बनाए जाने की घोषणा की है। रोड्रिग्ज ने अपने भाई जॉर्ज, नेशनल असेंबली के अध्यक्ष और विदेश मंत्री यवन गिल को आयोग की सह-अध्यक्षता के लिए चुना है। आयोग में वेनेजुएला के सूचना मंत्री फ्रेडी नानेज भी शमिल होंगे।
-
January 05, 2026 9:36 AM (IST) Posted by Amit Mishra
अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में 80 लोगों की हुई मौत
अमेरिका की ओर से वेनेजुएला पर की गई सैन्य कार्रवाई में आम नागरिक भी मारे गए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला में अमेरिकी ऑपरेशन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है। मरने वालों में सेना के जवान और आम नागरिक शामिल हैं।
-
January 05, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Amit Mishra
वेनेजुएला में मारे गए क्यूबा के 32 अधिकारी
वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन में 32 क्यूबा के अधिकारी मारे गए हैं। क्यूबा के सैन्य और पुलिस अधिकारी एक मिशन पर थे जिसे कैरिबियन देश की सेना वेनेजुएला सरकार के अनुरोध पर चला रही थी। यह स्पष्ट नहीं था कि क्यूबा के लोग दक्षिण अमेरिकी देश में क्या काम कर रहे थे, लेकिन क्यूबा वेनेजुएला सरकार का करीबी सहयोगी है और उसने वर्षों से ऑपरेशनों में सहायता के लिए सैन्य और पुलिस बल भेजे हैं।
-
January 05, 2026 7:38 AM (IST) Posted by Amit Mishra
लोग कर रहे मादुरो को रिहा करने की मांग
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को जिस मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ब्रुकलिन में रखा गया है उसके बाहर जोरदार प्रदर्शन जारी है। लोग अमेरिकी सरकार से मादुरो को तुरंत रिहा करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ना सिर्फ इंटरनेशनल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अमेरिकी कानून का भी उल्लंघन किया है।
-
January 05, 2026 7:33 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ट्रंप ने फिर धमकाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर वेनेजुएला को धमकी दी है। ट्रंप ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को धमकाते हुए कहा है कि अगर उन्होंने ने अमेरिका की बात नहीं मान तो उनका हश्र मादुरो से भी बुरा हो सकता है। ट्रंप का ये बयान डेल्सी रोड्रिग्ज के कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाए जाने के 24 घंटे के अंदर आया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर वह सही से काम नहीं करती हैं, तो उन्हें बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी, शायद मादुरो से भी बड़ी।
-
January 05, 2026 7:31 AM (IST) Posted by Amit Mishra
वेनेजुएला पर शासन नहीं करेगा अमेरिका
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया है कि अमेरिका वेनेजुएला के दैनिक शासन में कोई भूमिका नहीं निभाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि वेनेजुएल के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के बाद अमेरिका इस देश का शासन संभालेगा।
-
January 05, 2026 7:26 AM (IST) Posted by Amit Mishra
वेनेजुएला के मुद्दे UNSC में होगी आपात बैठक
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) सोमवार को वेनेजुएला के मुद्दे पर एक आपातकालीन बैठक होगी। बैठक का मुख्य एजेंडा अमेरिका की ओर से वेनेजुएला पर की गई सैन्य कार्रवाई है। अमेरिका की कार्रवाई को लेकर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने गहरी चिंता जताई है। अमेरिकी सेना निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ कर अपने देश ले गई है। इस घटना के बाद विश्व के तमाम देशों की प्रतिक्रिया देखने को मिली है।