वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वाइफ मेलानिया ट्रंप ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया है कि युद्धविराम शुरू हो गया है। बता दें कि ये युद्धविराम एक निश्चित इलाके के लिए है, बाकी जगहों पर हमले जारी हैं। मेलानिया ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "यूक्रेन और रूस के बीच युद्धविराम 27 अक्टूबर, 2026 को मॉस्को के समयानुसार सुबह 4:00 बजे लागू हो गया।"
मेलानिया ने कहा, "नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरी मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए, इसे तय समय से दो दिन पहले ही लागू कर दिया गया।" मेलानिया ने बताया, "मानवीय सहायता काफिलों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए, युद्धविराम का दायरा खेरसॉन क्षेत्र में ओलेश्की से आगे तक बढ़ा दिया गया है।"
मेलानिया ने ये भी कहा, "रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के संयुक्त प्रमुख, जनरल वालेरी गेरासिमोव ने इसकी पुष्टि की है।"
रूस और यूक्रेन के बीच पूरी तरह सीजफायर नहीं, बाकी जगहों पर जंग जारी
बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच पूरी तरह सीजफायर नहीं हुआ है बल्कि ये सिर्फ एक जगह पर किया गया सीजफायर है, जो यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र के रूसी-कब्जे वाले शहर ओलेश्की (Oleshky) के आसपास लागू हुआ है।
बाकी जगहों पर रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई जारी है। उदाहरण के लिए कीव पर रूसी मिसाइल हमले जारी रहे हैं।
इस मामले में मेलानिया ट्रंप की भूमिका क्या है?
दरअसल मेलानिया ट्रंप ने इस मामले में एक मीडिएटर की भूमिका निभाई है। ओलेश्की शहर में तमाम लोग फंसे हुए थे, उन्हें खाना, दवा और पानी की कमी होती जा रही थी और सड़कों पर बारूद था। ऐसे में मेलानिया ने रूस और यूक्रेन दोनों पक्षों से बात की और इस बात पर जोर दिया कि कुछ समय के लिए इस इलाके में सीजफायर हो, जिससे मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके।
मेलानिया के इस काम से सीजफायर वाले इलाके में मानवीय जरूरत की चीजें पहुंचाई जा सकेंगी और जिन्हें मदद की जरूरत है, उन्हें मदद मिल सकेगी। इसके अलावा जो लोग वहां से निकलना चाहते हैं, वह भी निकल सकेंगे।
मेलानिया के काम की हो रही तारीफ
एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तमाम कोशिशों के बावजूद रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर नहीं हो रहा है और हमले लगातार जारी हैं, वहीं उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने रूस के कब्जे वाले एक यूक्रेनी क्षेत्र में सीजफायर करवाने में अहम मीडिएटर की भूमिका निभाई। मेलानिया पहले भी मानवीय सहायता के लिए अहम कदम उठा चुकी हैं।
इससे पहले एक खबर ये भी चर्चा में रही कि शहबाज शरीफ रूस के पास चले, व्लादिमीर पुतिन से करेंगे मुलाकात, क्या है यात्रा का मकसद?
ये भी पढ़ें-
रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की उम्मीद! ट्रंप बोले-जंग के बाद दोनों के साथ करेंगे बिजनेस
Latest World News