वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बरकरार है। ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने कहा है, "हम इस युद्ध को बहुत जल्द खत्म करने जा रहे हैं। वे समझौता करने के लिए बेताब हैं। आप तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखेंगे। कीमतें गिरेंगी। इतना अधिक तेल भंडार है कि कीमतें तेजी से गिरेंगी।"
ट्रंप ने हालही में सैन्य हमले की बात कही थी
हालही में ट्रंप ने ये दावा किया था कि वह मंगलवार को ईरान पर बड़ा सैन्य हमला करने वाले थे लेकिन अरब देशों की अपील की वजह से उन्होंने इस हमले को टाल दिया। हालांकि ईरान ने ट्रंप के इस बयान पर पलटवार किया था और कहा था कि ईरान तो सोमवार को ही हमले का जवाब देने के लिए तैयार था। ईरान ने इस मामले को शतरंज के गेम का चेकमेट बताया था।
ईरान ने ये भी कहा था कि वह एक ऐसा हमला करता, जैसा दोनों देशों ने पहले कभी नहीं देखा होता।
रजाई का सामने आया था बयान
इन बयानबाजियों के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के सलाहकार और मेजर जनरल मोहसिन रजाई का भी बयान सामने आया था और उन्होंने ट्रंप पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि ट्रंप खुद ही बार-बार हमले की बात करते हैं और फिर खुद ही रद्द कर देते हैं। उनका भ्रम है कि वह इस तरह ईरान के लोगों और उसके नेतृत्व को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर देंगे।
रजाई ने ईरान की ताकत के बारे में बात करते हुए कहा था कि ईरान के लोग किसी भी दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर करने की ताकत रखते हैं और वह दुश्मनों को सरेंडर करने पर मजबूर कर देंगे।
गौरतलब है कि दोनों देशों के बीत शांति की तमाम कोशिशों के बावजूद शांति स्थापित नहीं हो सकी है और आने वाले समय में एक बार फिर संघर्ष की स्थिति बनती हुई दिख रही है।
Latest World News