A
Hindi News विदेश अमेरिका ट्रंप का ऐसा फैसला... कैलिफोर्निया की सड़कों पर उतारे गए 700 मरीन जवान, 10 प्वाइंट्स में जानिए पूरा मामला

ट्रंप का ऐसा फैसला... कैलिफोर्निया की सड़कों पर उतारे गए 700 मरीन जवान, 10 प्वाइंट्स में जानिए पूरा मामला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के खिलाफ सड़कों पर काफी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने प्रदर्शनकारियों का साथ देते हुए ट्रंप प्रशासन की आलोचना की है साथ ही फैसले का विरोध भी किया है।

प्रदर्शनकारी और अमेरिकी जवान- India TV Hindi Image Source : AP प्रदर्शनकारी और अमेरिकी जवान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कैलिफोर्निया के बीच तनाव सोमवार को और बढ़ गया, जब पेंटागन ने चल रहे आव्रजन विरोधों (Immigration Protests) का जवाब देने वाले नेशनल गार्ड सैनिकों की सहायता के लिए लॉस एंजिल्स शहर में लगभग 700 जवानों को तैनात कर दिया है। इस बीच, कैलिफोर्निया ने संघीय तैनाती को लेकर ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा करने की तैयारी कर ली, जबकि शहर में लगातार चौथे दिन भी प्रदर्शन जारी रहे।

  1. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर ‘नेशनल गार्ड’ कर्मियों ने लॉस एंजिल्स पहुंचना शुरू कर दिया है, ताकि क्षेत्र में निर्वासन अभियान चला रहे संघीय आव्रजन अधिकारियों के खिलाफ हाल में शुरू हुए प्रदर्शनों को रोका जा सके। 
  2. कैलिफोर्निया के नेशनल गार्ड के सदस्यों को रविवार को लॉस एंजिल्स स्थित संघीय परिसर में प्रवेश करते देखा गया, जिसमें महानगर हिरासत केंद्र भी शामिल है, जहां पिछले दो दिनों में झडपें हुई हैं।
  3. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 12 अफ्रीकी और पश्चिम एशियाई देशों के नागरिकों के अमेरिका यात्रा पर लगाए गए नए प्रतिबंध सोमवार से प्रभावी हो गए। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा बुधवार को हस्ताक्षरित नए आदेश में सात अतिरिक्त देशों के उन लोगों पर भी नई यात्रा पाबंदियां लगाई गई हैं, जो अमेरिका के बाहर हैं और जिनके पास वैध वीजा नहीं है। 
  4. नया प्रतिबंध पहले से जारी किए गए वीजा को रद्द नहीं करता है। जिन देशों पर यह प्रतिबंध लागू किया गया है, उनमें अफगानिस्तान, म्यांमा, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं। नए वीजा प्रतिबंध बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेज़ुएला के नागरिकों पर लागू होंगे। 
  5. कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों और दंगारोधी पोशाक पहने संघीय आव्रजन अधिकारियों के बीच लगातार दूसरे दिन हुई झड़प के बाद एक बयान जारी कर ट्रंप प्रशासन के इस कदम का विरोध किया है। 
  6. लॉस एंजिलिस के दक्षिण में लातिन मूल के वर्चस्व वाले पैरामाउंट शहर में ‘होम डिपो’ से सटे गृह विभाग के कार्यालय के सामने शनिवार को झड़पें हुईं। संघीय सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस, फ्लैश-बैंग विस्फोटक एवं प्रभावित करने वाले गोले छोड़े जबकि जवाब में प्रदर्शनकारियों ने भी सीमा गश्ती वाहनों पर पत्थरबाजी की और सड़कों पर कूड़ा जला कर अवरोध पैदा किया। 
  7. आव्रजन अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को की गई छापेमारी के बाद से इलाके में तनाव बढ़ गया है। अधिकारियों ने लॉस एंजिलिस के फैशन जिले और होम डिपो में छापेमारी भी शामिल थी। शहर में एक सप्ताह के दौरान गिरफ्तार किए गए आप्रवासियों की संख्या 100 से अधिक हो गई है। 
  8. एक प्रमुख यूनियन नेता को विरोध प्रदर्शन करते समय गिरफ्तार कर लिया गया तथा उन पर कानून प्रवर्तन में बाधा डालने का आरोप लगाया गया। व्हाइट हाउस ने घोषणा की कि ट्रंप गार्ड को ‘उस अराजकता से निपटने के लिए तैनात करेंगे जिसे पनपने दिया गया है’। 
  9. डेमोक्रेट गवर्नर न्यूसम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह ‘जानबूझकर उठाया गया भड़काऊ कदम है और इससे केवल तनाव बढ़ेगा’। गवर्नर ने बाद में कहा कि संघीय सरकार तमाशा खड़ा करना चाहती है। उन्होंने लोगों से हिंसक कदम से बचने का आग्रह किया। 
  10. अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने संघीय सरकार द्वारा इस मामले में आक्रामक रुख अपनाने का संकेत देते हुए सेना तैनात करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘यदि हिंसा जारी रहती है, तो कैंप पेंडलटन में सक्रिय मरीन को भी तैनात किया जाएगा - वे हाई अलर्ट पर हैं।’ (इनपुट-एपी)

Latest World News