A
Hindi News विदेश अमेरिका डोनाल्ड ट्रंप पर हावी होने लगा है बुढ़ापा! पैरों में आई थी सूजन, जांच में पता चली ये बड़ी बात

डोनाल्ड ट्रंप पर हावी होने लगा है बुढ़ापा! पैरों में आई थी सूजन, जांच में पता चली ये बड़ी बात

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पैरों में आई सूजन की जांच में 'क्रॉनिक वेन्स इन्सफिशियन्सी' का पता चला है। बताया जा रहा है कि यह बीमारी बुजुर्गों में आम है और ट्रंप पूरी तरह फिट हैं और सक्रिय हैं।

Donald Trump health, Trump leg swelling- India TV Hindi Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में अपने पैरों में मामूली सूजन देखी थी, जिसके बाद उनकी सेहत की जांच की गई। व्हाइट हाउस ने बताया कि 79 साल के ट्रंप को 'क्रॉनिक वेन्स इन्सफिशियन्सी' नाम की एक आम बीमारी है, जो बुजुर्गों में देखी जाती है। इस बीमारी में नसों के छोटे-छोटे वाल्व ठीक से काम नहीं करते, जिससे खून पैरों में जमा होने लगता है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को बताया कि ट्रंप की जांच व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट ने की। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य और हल्की बीमारी है, जो 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में अक्सर होती है।

'एस्पिरिन के इस्तेमाल से बने नीले निशान'

लेविट ने कहा कि जांच में यह भी साफ हो गया कि ट्रंप को डीप वीन थ्रॉम्बोसिस (खून का थक्का जमने की गंभीर बीमारी) या धमनियों की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रंप के हाथ पर हाल ही में कुछ नीले निशान देखे गए थे, जो तस्वीरों में मेकअप से ढके हुए थे। उन्होंने कहा कि यह निशान बार-बार हाथ मिलाने और एस्पिरिन के इस्तेमाल से हुए हैं। ट्रंप दिल का दौरा और स्ट्रोक से बचने के लिए एस्पिरिन लेते हैं। लेविट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'राष्ट्रपति की सेहत के बारे में हाल की अफवाहों को खत्म करने के लिए हम यह जानकारी दे रहे हैं।' 

Image Source : APव्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट।

'किसी गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं मिले'

प्रवक्ता ने बताया कि ट्रंप की हाल की जांच में दिल या किडनी आदि से जुड़ी किसी गंभीर बीमारी के कोई लक्षण नहीं मिले। ट्रंप की सेहत 'बेहतरीन' है, और वह अपने काम में पूरी तरह सक्रिय हैं। हालांकि, लेविट ने यह नहीं बताया कि ट्रंप की बीमारी का इलाज कैसे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का पत्र सार्वजनिक किया गया है, लेकिन उसमें कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं थी। डॉक्टरों का कहना है कि इस बीमारी में आमतौर पर वजन कम करने, टहलने, पैरों को ऊंचा रखने और कुछ मामलों में कम्प्रेशन स्टॉकिंग्स पहनने की सलाह दी जाती है।

'ट्रंप को किसी तरह की तकलीफ नहीं'

व्हाइट हाउस ने कहा कि यह बीमारी ट्रंप को किसी तरह की तकलीफ नहीं दे रही है। लेविट ने पत्रकारों से कहा, 'आप सब रोज देखते हैं कि राष्ट्रपति कितने जोश और ताकत के साथ काम करते हैं।' इससे पहले अप्रैल में ट्रंप का एक विस्तृत मेडिकल चेकअप हुआ था, जिसमें उनकी हड्डियों, मांसपेशियों और खून के प्रवाह को सामान्य पाया गया था। उस समय इस बीमारी का जिक्र नहीं हुआ था। यह खबर इसलिए भी खास है क्योंकि ट्रंप अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी को अक्सर निजी रखते हैं। फिलहाल व्हाइट हाउस का कहना है कि राष्ट्रपति पूरी तरह फिट हैं और देश की सेवा में जुटे हुए हैं। (AP)

Latest World News