1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान और अमेरिका के बीच जंग रोकने के लिए बड़ी डील? ट्रंप के बयान ने दुनिया में मचाई सनसनी

ईरान और अमेरिका के बीच जंग रोकने के लिए बड़ी डील? ट्रंप के बयान ने दुनिया में मचाई सनसनी

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ युद्ध में बढ़त हासिल कर ली है और दोनों देशों के बीच जल्द बड़ी डील हो सकती है। उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा, उसकी सैन्य क्षमता कमजोर हो चुकी है और बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।

Donald Trump, Donald Trump News, Donald Trump Iran Deal, US Iran conflict- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान ने दुनिया में सनसनी मचा दी है कि अमेरिका ने ईरान के साथ जंग में जीत हासिल की है और अब दोनों देशों के बीच डील होने वाली है। ट्रंप ने कहा कि अब ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना सकेगा और इस बात पर दोनों पक्षों में सहमति बन चुकी है। ट्रंप ने गृह सुरक्षा मंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में बोलते हुए कहा, 'हम अभी बातचीत कर रहे हैं। मैं बता दूं कि वे डील करना चाहते हैं। कौन नहीं करना चाहेगा? देखिए, उनकी नेवी चली गई, उनकी एयरफोर्स चली गई, उनका संचार व्यवस्था चली गई। उनके पास जो कुछ भी था, वह लगभग सब कुछ चला गया।'

'हम बड़े बिजली संयंत्र को गिराने वाले थे'

ट्रंप ने आगे कहा, 'मैं सोचता हूं कि हम इसे खत्म कर देंगे। मैं आपको पूरी तरह से नहीं बता सकता, लेकिन हमने यह युद्ध जीत लिया है। हम तेहरान और उनके देश के अन्य हिस्सों के ऊपर हवाई जहाज उड़ा रहे हैं। वे कुछ भी नहीं कर सकते। वे डील करना चाहते हैं। हम आज एक बहुत बड़े बिजली संयंत्र को गिराने वाले थे, जो दुनिया के सबसे बड़े में से एक है, लेकिन बातचीत के कारण हमने इसे रोक दिया। वे पूरी तरह से हार गए हैं। उनकी सेना तबाह हो चुकी है।' ट्रंप ने जोर देकर कहा कि ईरान के पास कोई अब परमाणु हथियार नहीं होगा और अब अमेरिका डील करने की बेस्ट पोजिशन में है।'

'ईरान ने हमें बेहद कीमती तोहफा दिया है'

ट्रंप ने बताया कि ईरान ने उन्हें तेल और गैस से जुड़ा एक बड़ा और कीमती ‘तोहफा’ दिया है। उन्होंने कहा, 'यह तोहफा बहुत महत्वपूर्ण था। इससे मुझे पता चला कि हम सही लोगों से डील कर रहे हैं। यह हार्मुज स्ट्रेट के फ्लो से जुड़ा था। ईरान के पुराने सुप्रीम लीडर खामेनेई चले गए। नए सुप्रीम लीडर भी बुरी तरह घायल हुए हैं। हम एक नई टीम के साथ डील कर रहे हैं। पुरानी लीडरशिप ने सारी मुश्किलें पैदा की थीं। अब रिजीम में बदलाव आया है।' उन्होंने कहा कि वह ईरान पर पूरी तरह भरोसा नहीं करते लेकिन यह मुल्क अब समझदारी की बात कर रहा है।

Latest World News