1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डोनाल्ड ट्रंप ने होली पर दी खास शुभकामनाएं, ईरान से जंग के बीच दुनिया को दिया ये संदेश

डोनाल्ड ट्रंप ने होली पर दी खास शुभकामनाएं, ईरान से जंग के बीच दुनिया को दिया ये संदेश

Donald Trump Holi Message | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होली के अवसर पर दुनियाभर के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इसे अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक बताया। अमेरिका में हमेशा की तरह इस बार भी होली उत्साह से मनाई गई।

Donald Trump Holi message, Trump Holi greetings 2026, Holi celebration USA- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Donald Trump Holi Message: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होली के खास मौके पर बुधवार को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने होली को वसंत के आगमन और अच्छाई की बुराई पर जीत का उत्सव बताया। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने X पर राष्ट्रपति का आधिकारिक बयान 'प्रेसिडेंशियल मैसेज ऑन होली' के नाम से साझा किया। अपने संदेश में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मेलानिया और मैं होली मनाने वाले सभी लोगों को अपनी शुभकामनाएं भेजते हैं। होली वसंत के आने का स्वागत करने वाला दिन है और अच्छाई की बुराई पर जीत का जश्न मनाने वाला त्योहार है।'

दुनियाभर में पूरे जोश के साथ मनाई जाती है होली

ट्रंप ने अपने संदेश में आगे कहा, 'आज दुनिया भर में समुदाय इस रंगों के त्योहार को मनाने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं। मैं अमेरिका में होली मनाने वाले सभी लोगों के लिए उम्मीद, शांति और एकता से भरे दिन की कामना करता हूं।' बता दें कि पूरी दुनिया में होली को 'रंगों का त्योहार' कहा जाता है। यह भारत में और दुनिया भर में भारतीय समुदाय के बीच बहुत बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। यह त्योहार नई शुरुआत, सामाजिक सद्भाव और लोगों के बीच रिश्तों को मजबूत करने का प्रतीक है।

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में हुआ रंगारंग प्रदर्शन

अमेरिका में भी इस बार होली की धूम दिखी। न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर में 4 मार्च को रंग-बिरंगा प्रदर्शन किया गया। भारत के न्यूयॉर्क स्थित महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर इसे शेयर करते हुए कहा, 'न्यूयॉर्क शहर के दिल से सबको रंगीन और खुशहाल होली की शुभकामनाएं। #टाइम्सस्क्वायर। यह रंगों का त्योहार सबके लिए नई उम्मीद, सद्भाव और खुशी लाए।' वॉशिंगटन डीसी में भारत के दूतावास ने भी होली की बधाई दी। दूतावास ने कहा कि यह त्योहार अब बहुसंस्कृतिवाद और सामाजिक समानता का वैश्विक प्रतीक बन गया है।

टेक्सास में होली को दी गई आधिकारिक मान्यता

भारतीय-अमेरिकी समुदाय की बढ़ती ताकत का अंदाजा इस बात से लगता है कि टेक्सास हाल ही में तीसरा अमेरिकी राज्य बन गया है, जहां होली को आधिकारिक रूप से मान्यता दी गई है। इससे पहले जॉर्जिया और न्यूयॉर्क में ऐसा हो चुका है। टेक्सास सीनेट में सीनेटर सारा एकहार्ट द्वारा पेश प्रस्ताव पास हुआ। प्रस्ताव में कहा गया कि 'इस खुशहाल त्योहार की शुरुआत हजारों साल पहले हुई थी। यह दुनिया भर में सभी पृष्ठभूमि के लोगों द्वारा मनाया जाता है, जो इसके प्यार, नई शुरुआत और प्रगति के विषयों से जुड़ते हैं।' हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

Latest World News