अमेरिका के व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया है जिसमें दावा किया जा रहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान की यात्रा करने जा रहे हैं। व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति की ऐसी कोई यात्रा योजना नहीं है। व्हाइट हाउस ने ANI के सामने इस बात की पुष्टि की है। इसने कहा कि इस समय राष्ट्रपति ट्रंप की पाकिस्तान की यात्रा निर्धारित नहीं है। आपको बता दें कि गुरुवार को पाकिस्तानी मीडिया चैनलों द्वारा दावा किया गया था कि ट्रंप पाकिस्तान की यात्रा करने वाले हैं। इसके विपरीत, व्हाइट हाउस ने ऐसी किसी यात्रा व्यवस्था की घोषणा या पुष्टि नहीं की है।
क्या हो रहा था दावा?
पाकिस्तानी मीडिया की ओर से बीते गुरुवार को बड़े स्तर पर राष्ट्रपति ट्रंप की पाकिस्तान यात्रा की रिपोर्ट प्रसारित की गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि ट्रंप सितंबर में पाकिस्तान की यात्रा पर आ सकते हैं। समाचार चैनलों ने कहा कि ट्रंप सितंबर में इस्लामाबाद पहुंचेंगे। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, बाद में चैनलों ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने डॉन को बताया- "हमें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।"
आखिरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति कब गए थे पाकिस्तान?
आपको बता दें कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री अमेरिका की यात्रा करते रहे हैं। हालांकि, अमेरिका का कोई भी राष्ट्रपति एक लंबे अरसे से पाकिस्तान की यात्रा पर नहीं गया है। जॉर्ज डब्ल्यू बुश 2006 में पाकिस्तान का दौरा करने वाले अंतिम अमेरिकी राष्ट्रपति थे।
डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा योजना आई सामने
अमेरिकी व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा योजनाओं के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि डोनाल्ड ट्रंप आगामी 25 जुलाई से 29 जुलाई तक स्कॉटलैंड का दौरा करेंगे। यहां ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के बीच व्यापार संबंधी वार्ता होगी। इसके बाद ट्रंप 17 से 19 सितंबर तक यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर जाएंगे। वह विंडसर कैसल में किंग चार्ल्स से मिलने जाएंगे।
ये भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप पर हावी होने लगा है बुढ़ापा! पैरों में आई थी सूजन, जांच में पता चली ये बड़ी बात
इमिग्रेशन के खिलाफ एक्शन और हेल्थ का बजट कम करने पर अपने ही देश में घिरे ट्रंप, बड़े प्रदर्शन की तैयारी में US
Latest World News