A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान को पूरी तरह बर्बाद करके मानेगा अमेरिका? चीन रवाना होने से पहले ट्रंप का बड़ा बयान

ईरान को पूरी तरह बर्बाद करके मानेगा अमेरिका? चीन रवाना होने से पहले ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए दावा किया कि उसकी सैन्य ताकत खत्म हो चुकी है। ट्रंप ने होर्मुज के आसपास अमेरिका की समुद्री नाकेबंदी को पूरी तरह सफल बताया।

Donald Trump, Iran crisis, US Iran tensions, Strait of Hormuz, Iran military, US naval blockade- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को चीन रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है और अमेरिका यह लड़ाई 'शांतिपूर्वक या फिर किसी भी तरह' जीतकर रहेगा। ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वह ईरान मामले में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की किसी भूमिका की उम्मीद करते हैं, तो उन्होंने कहा, 'नहीं, मुझे नहीं लगता कि हमें ईरान के मामले में किसी की मदद की जरूरत है। हम किसी न किसी तरीके से जीतेंगे।'

'ईरान की नेवी और एयरफोर्स खत्म हो चुकी है'

ट्रंप ने अपने बयान में आगे कहा, 'हम इसे शांतिपूर्वक भी जीत सकते हैं या फिर किसी और तरीके से। उनकी नेवी खत्म हो चुकी है, एयरफोर्स खत्म हो चुकी है और उनकी वार मशीन का हर हिस्सा तबाह हो चुका है।' उन्होंने आगे कहा कि ईरान सैन्य रूप से हार चुका है। ट्रंप के मुताबिक, 'वे या तो सही फैसला करेंगे या फिर हम काम पूरा कर देंगे।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर लगाए गए समुद्री प्रतिबंध और नाकेबंदी को भी पूरी तरह सफल बताया। उन्होंने कहा, 'यह नाकेबंदी बेहद प्रभावी है। यह 100 प्रतिशत सफल रही है।'

'जब हमें जरूरत थी तब NATO हमारे साथ नहीं था'

वहीं, NATO पर नाराजगी जाहिर करते हुए ट्रंप ने कहा कि उसने मुश्किल समय में अमेरिका का साथ नहीं दिया। ट्रंप ने कहा, 'NATO मेरे लिए बेहद निराशाजनक रहा। जब हमें उनकी जरूरत थी तब वे हमारे साथ नहीं थे। हमें NATO की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर जरूरत पड़ती भी, तो वे वहां मौजूद नहीं थे।' वहीं, मार्क रुट ने NATO के भविष्य को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ईरान से जुड़ा संकट वैश्विक सुरक्षा के केंद्र में है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि NATO के भविष्य और उसकी मजबूती को लेकर वह बेहद आशावादी हैं।

Latest World News