1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान से फिर होगा युद्ध या होगी शांति? डोनाल्ड ट्रंप आज ले सकते हैं बड़ा फैसला

ईरान से फिर होगा युद्ध या होगी शांति? डोनाल्ड ट्रंप आज ले सकते हैं बड़ा फैसला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह रविवार तक तय कर सकते हैं कि ईरान के साथ युद्ध दोबारा शुरू होगा या समझौता किया जाएगा। अमेरिका और ईरान के बीच प्रारंभिक शांति समझौते पर बातचीत जारी है।

Donald Trump Iran decision, US Iran war talks, Trump Iran peace deal- India TV Hindi
Image Source : AP FILE अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के ताजा प्रस्ताव पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि वह रविवार तक यह फैसला ले सकते हैं कि ईरान के साथ युद्ध दोबारा शुरू किया जाए या कोई समझौता किया जाए। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि स्थिति फिलहाल '50-50' की है। ट्रंप ने कहा कि वह विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अपने दामाद जारेड कुशनर के साथ बैठक करेंगे, जिसमें तेहरान की ओर से आए प्रस्ताव पर चर्चा होगी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी ओहायो से वॉशिंगटन लौटकर इस बैठक में शामिल हो सकते हैं।

रूबियो ने ईरान के साथ जंग पर बोल दी बड़ी बात

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी तेहरान पहुंचे हुए हैं, जहां वह शांति समझौते की बारीकियों पर बातचीत कर रहे हैं। इसी बीच भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने नई दिल्ली में कहा कि बातचीत में कुछ प्रगति हुई है और लगातार काम जारी है। उन्होंने कहा, 'संभव है कि आज देर रात, रविवार या अगले कुछ दिनों में कोई बड़ा ऐलान हो सकता है।' रूबियो ने साफ कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की नीति स्पष्ट है कि ईरान किसी भी स्थिति में परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता।

प्ररंभिक समझौते पर बात कर रहे अमेरिका और ईरान

रूबियो ने यह भी कहा कि साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य बिना किसी शुल्क के खुला रहना चाहिए और ईरान को अपने उच्च स्तर पर समृद्ध यूरेनियम का नियंत्रण छोड़ना होगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह केवल उसी समझौते को स्वीकार करेंगे जिसमें यूरेनियम संवर्धन और ईरान के मौजूदा यूरेनियम भंडार जैसे मुद्दों का स्पष्ट समाधान हो। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान फिलहाल एक प्रारंभिक समझौते पर बातचीत कर रहे हैं, जिसके तहत युद्ध खत्म किया जा सकता है और अगले 30 दिनों तक विस्तृत वार्ता जारी रखी जाएगी।

ट्रंप ने खारिज की नेतन्याहू के चिंतित होने की खबर

ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि दो में से एक चीज होगी, या तो मैं उन पर पहले से कहीं ज्यादा भीषण हमला करूंगा, या फिर हम एक अच्छा समझौता करेंगे।' उन्होंने यह भी माना कि कुछ लोग समझौते के पक्ष में हैं जबकि कुछ युद्ध फिर शुरू करने के समर्थक हैं। हालांकि ट्रंप ने इस बात को खारिज किया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू किसी संभावित समझौते को लेकर चिंतित हैं।

Latest World News