A
Hindi News विदेश अमेरिका डोनाल्ड ट्रंप का एक और चौंकाने वाला फैसला, कहा- 'जी-20 समिट के लिए नहीं जाऊंगा साउथ अफ्रीका'

डोनाल्ड ट्रंप का एक और चौंकाने वाला फैसला, कहा- 'जी-20 समिट के लिए नहीं जाऊंगा साउथ अफ्रीका'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ अफ्रीका में होने वाले जी-20 समिट में शामिल होने से इनकार किया है। उन्होंने साउथ अफ्रीका की आलोचना करते हुए कहा कि उसे जी-20 में नहीं होना चाहिए।

Donald Trump G20 Summit, South Africa G20 2025, Trump latest news- India TV Hindi Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

न्यूयॉर्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सबको चौंकाते हुए साउथ अफ्रीका में होने जा रहे G-20 समिट में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ट्रंप ने साफ कहा है कि वे इस महीने के आखिर में साउथ अफ्रीका में होने वाले जी-20 समिट में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने मियामी में अमेरिका बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं नहीं जा रहा हूं। साउथ अफ्रीका में जी-20 की मीटिंग है। साउथ अफ्रीका को अब जी ग्रुप में रहना ही नहीं चाहिए क्योंकि वहां जो कुछ हो रहा है, वह बहुत बुरा है। मैंने उनसे कह दिया कि मैं नहीं जा रहा। मैं वहां हमारे देश का प्रतिनिधित्व नहीं करूंगा। वह वहां होना ही नहीं चाहिए।'

भारत ने 2023 में की थी मेजबानी

बता दें कि साउथ अफ्रीका ने 1 दिसंबर 2024 को G-20 की साल भर की अध्यक्षता संभाली है। वह जोहान्सबर्ग में 22 से 23 नवंबर तक जी-20 के नेताओं की मीटिंग की मेजबानी करेगा। ये पहली बार है जब G-20 समिट अफ्रीकी जमीन पर हो रहा है। भारत ने दिसंबर 2022 से नवंबर 2023 तक जी-20 की अध्यक्षता की थी और सितंबर 2023 में नई दिल्ली में 18वें जी-20 समिट की मेजबानी की। उस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भारत आए थे। जी-20 में 19 देश हैं, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका।

ममदानी को ट्रंप ने कहा 'कम्युनिस्ट'

बता दें कि इस देशों के अलावा यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ भी इसमें हैं। भारत की अध्यक्षता में ही अफ्रीकी संघ को दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के इस ग्रुप में स्थायी सदस्य बनाया गया था। इसके अलावा ट्रंप ने न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी को 'कम्युनिस्ट' कहकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मियामी पीढ़ियों से उन लोगों का ठिकाना रहा है जो साउथ अफ्रीका में कम्युनिस्ट जुल्म से भागकर आए हैं। ट्रंप ने आगे कहा, 'देखिए साउथ अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों में क्या हो रहा है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में क्या हो रहा है, वो देखिए।'

Latest World News