1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'होर्मुज को खोलो और जल्द समझौता करो, नहीं तो तबाह कर दूंगा', ईरान को डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी

'होर्मुज को खोलो और जल्द समझौता करो, नहीं तो तबाह कर दूंगा', ईरान को डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी

डोनाल्ड ट्रंप ईरान को घुटने पर लाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। जहां एक ओर वे समझौते की बात कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर ईरान पर दबाव बनाने की पूरी कोशिश भी कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने ईरान को धमकी भी दी है।

डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
Image Source : PTI डोनाल्ड ट्रंप

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच एक बार फिर धमकी दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने साफ तौर पर कहा कि अगर ईरान समझौते की राह पर नहीं आता है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को व्यापार के लिए नहीं खोलता है तो फिर उसे बेहद गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ईरान को तबाही उठानी पड़ेगी। डोनाल्ड ट्रंप ने  ट्रूथ पर एक पोस्ट में ईरान को यह धमकी दी है।

सोशल मीडिया पोस्ट में दी धमकी

पिछले एक महीने से जारी युद्ध ने पूरी दुनिया की चिंताएं बढ़ा दी हैं। वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए यह युद्ध विनाशकारी साबित हो रहा है। सुलह के आसार दिख नहीं रहे हैं। इस बीच अमेरिका को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ईरान को धमकी दी है। उन्होंने जल्द समझौता करने और होर्मुज को खोलने के लिए कहा है।

Image Source : Truth social @realDonaldTrumpडोनाल्ड ट्रंप का पोस्ट

ट्रंप ने क्या लिखा?

ट्रंप ने लिखा-अमेरिका एक 'नए और ज़्यादा समझदार' शासन के साथ गंभीर बातचीत कर रहा है, ताकि ईरान में हमारे सैन्य ऑपरेशन खत्म किए जा सकें। इसमें काफ़ी प्रगति हुई है, लेकिन अगर किसी भी वजह से जल्द ही कोई समझौता नहीं हो पाता है, हालांकि इसकी पूरी संभावना है कि समझौता हो जाएगा-और अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ तुरंत "व्यापार के लिए नहीं खुलता" है, तो हम ईरान को इस तरह खत्म करेंगे कि उनके सभी बिजली पैदा करने वाले प्लांट, तेल के कुएं और खर्ग द्वीप (और शायद पानी को मीठा बनाने वाले सभी प्लांट भी!) को बम से उड़ाकर पूरी तरह से तबाह कर देंगे। इस सबको हमने जान-बूझकर अभी तक "हाथ नहीं लगाया" है। यह हमारे उन कई सैनिकों और अन्य लोगों की मौत का बदला होगा, जिन्हें ईरान ने पुराने शासन के 47 साल के आतंक के राज के दौरान बेरहमी से मार डाला था। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद। 

खार्ग द्वीप पर कंट्रोल कर सकता है अमेरिका

इससे पहले एक इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी फोर्स फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के प्रमुख तेल क्षेत्र खार्ग द्वीप को आसानी से अपने नियंत्रण में ले सकते हैं।  ट्रंप ने कहा, ''हो सकता है कि हम खार्ग द्वीप पर कब्जा कर लें, हो सकता है कि हम ऐसे न भी करें। हमारे पास कई विकल्प हैं।'' उन्होंने कहा, ''इसका मतलब यह भी होगा कि हमें कुछ समय के लिए वहां (खार्ग द्वीप पर) रहना होगा।'' 

वहीं जब ट्रंप से यह पूछा गया कि वहां ईरान ने एक मजबूत सैन्य ढांचा बना रखा है, इस पर ट्रंप ने कहा, '' मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई रक्षा व्यवस्था है। हम इसे बहुत आसानी से अपने कब्जे में ले सकते हैं।'' 

बता दें कि अमेरिका ने खार्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए थे। ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिकी सेना उसकी धरती पर कदम रखती है तो वह खाड़ी के अरब देशों पर जमीनी आक्रमण करेगा और नए हमले करेगा। 

Latest World News