1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बेपरवाह ट्रंप ने फिर दिया झटका, ग्लोबल टैरिफ बढ़ाकर 15 फीसदी किया

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बेपरवाह ट्रंप ने फिर दिया झटका, ग्लोबल टैरिफ बढ़ाकर 15 फीसदी किया

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बेपरवाह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने कहा है कि सभी देशों पर लगने वाला 10 फीसदी टैरिफ बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Donald Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए वैश्विक स्तर पर टैरिफ में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए व्यापक टैरिफ को असंवैधानिक या अवैध घोषित करते हुए खारिज कर दिया था, लेकिन राष्ट्रपति ने महज एक दिन बाद ही अपनी नीति को और सख्त बनाने का फैसला लिया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए घोषणा की कि अब से तुरंत प्रभाव से दुनिया के सभी देशों से होने वाले आयात पर लगने वाला टैरिफ 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया जाएगा।

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ''अब से तुरंत प्रभाव से दुनिया के सभी देशों पर लगने वाला 10 फीसदी टैरिफ बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया जाएगा। ट्रंप का कहना है कि कई देश दशकों से अमेरिका का फायदा उठाते आए हैं, लेकिन अब उनकी सरकार इसे रोक रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में वो और नए-नए टैक्स तय करेंगे, जो कानूनी होंगे। उनका मकसद अमेरिका को और भी मजबूत और महान बनाना है – पहले से कहीं ज्यादा!''

ट्रंप ने किस आधार पर लिया फैसला?

ट्रंप ने यह फैसला ट्रेड एक्ट ऑफ 1974 के सेक्शन 122 के तहत लिया है, जो राष्ट्रपति को भुगतान घाटे की स्थिति में 150 दिनों तक अधिकतम 15 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की अनुमति देता है। इससे पहले ट्रंप ने शुक्रवार को ही 10 प्रतिशत का अस्थायी वैश्विक टैरिफ लागू किया था। अब 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी से यह टैरिफ अधिकतम सीमा पर पहुंच गया है।

ट्रंप ने टैरिफ को बताया है जरूरी

ट्रंप का यह कदम अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर गहरा असर डाल सकता है। ट्रंप ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि टैरिफ नीति अमेरिका को लंबे समय से हो रहे नुकसान से बचाने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने दूसरे देशों को अमेरिका का फायदा उठाने दिया, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। संकेत साफ है कि ट्रंप अपनी 'अमेरिका फर्स्ट' नीति पर अडिग हैं।

यह भी पढ़ें:

अमेरिका में हिंदू सबसे ज्यादा पढ़ा-लिखा धार्मिक ग्रुप, जानिए किसका है दूसरा नंबर

पाकिस्तान में मरियम नवाज के इस फैसले पर मच गया हाहाकार, विरोधियों ने दागे सवाल

Latest World News