A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने दी ईरान को तबाह करने की चेतावनी, कहा- "सीजफायर तोड़ा तो दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा"

ट्रंप ने दी ईरान को तबाह करने की चेतावनी, कहा- "सीजफायर तोड़ा तो दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा"

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को नक्शे से मिटाने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान ने फिर से सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया है।

Donald Trump- India TV Hindi
Image Source : PTI डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर हमला करने की धमकी दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को सीधे तौर पर तबाह करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने जानकारी दी कि अमेरिका के विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों के साथ-साथ तटीय रडार साइटों पर हमला किया है।

"ईरान का अस्तित्व खत्म हो जाएगा"

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, "अमेरिका के विमानों ने एक बार फिर सीजफायर समझौते का उल्लंघन करने के लिए ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थानों और तटीय रडार साइटों पर हमला किया है, क्योंकि उन्होंने फिर से सीज़फायर समझौते का उल्लंघन किया है!... एक ऐसा समय आ सकता है जब हम अब और समझदारी दिखाने की स्थिति में नहीं होंगे और हमें सैन्य रूप से उस काम को पूरा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसे हमने बहुत सफलतापूर्वक शुरू किया था। अगर ऐसा होता है, तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा!"

बता दें कि मिडिल ईस्ट में महज दो हफ्ते पहले हुआ शांति समझौता पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Strait of Hormuz) के पास एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद, अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को ईरान पर भीषण सैन्य हमले किए हैं। इस सैन्य कार्रवाई के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी दी है।

क्यों भड़का अमेरिका?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, अमेरिका ने यह कार्रवाई ईरान द्वारा लगातार दूसरी बार सीजफायर तोड़ने के बाद की है। गुरुवार को ईरान ने कार्गो शिप 'M/V Ever Lovely' को निशाना बनाया, जिसके जवाब में अमेरिका ने शुक्रवार को एयरस्ट्राइक की। अमेरिका ने ईरान को संभलने का मौका दिया था, लेकिन शनिवार सुबह ईरानी सेना ने पनामा के ध्वज वाले तेल टैंकर 'M/T Kiku' पर आत्मघाती ड्रोन से हमला कर दिया। इस टैंकर में 20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल मौजूद था।

ट्रंप के सीधे आदेश पर अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने ईरान के मिसाइल-ड्रोन स्टोरेज और तटीय रडार साइटों को दोबारा निशाना बनाया। वहीं, ईरान के सिरिक द्वीप और केश्म द्वीप के एक गांव में भारी विस्फोटों की आवाजें सुनी गई हैं। हमले के कुछ ही मिनटों बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को दुनिया के नक्शे से मिटाने की धमकी दे डाली।

ये भी पढ़ें-

जापान में भी हिली धरती, 6.1 रही झटकों की तीव्रता, दुनिया में 7 दिन के अंदर 11 बड़े भूकंप

तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, हुआ भव्य स्वागत; नजर आई 'कार डिप्लोमेसी'

Latest World News