वॉशिंगटन/इस्लामाबाद: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामाबाद में ईरान के साथ प्रस्तावित शांति वार्ता से पहले बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर बातचीत से कोई समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई कर सकता है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने युद्धपोतों को संभावित कार्रवाई के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहाजों पर सबसे आधुनिक हथियार और गोला-बारूद लादे जा रहे हैं।
'हम एक नए रीसेट की ओर बढ़ रहे हैं'
ट्रंप ने कहा, 'हम एक नए रीसेट की ओर बढ़ रहे हैं। हम जहाजों को सबसे बेहतरीन हथियारों से लैस कर रहे हैं। अगर समझौता नहीं हुआ तो हम उनका इस्तेमाल करेंगे और बहुत प्रभावी तरीके से करेंगे।' यह बयान उन्होंने 'न्यूयॉर्क पोस्ट' को दिए इंटरव्यू में दिया। इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक छोटा लेकिन रहस्यमयी संदेश पोस्ट किया था। उन्होंने 'WORLD’S MOST POWERFUL RESET!!!' लिखा, जिससे क्षेत्र में अमेरिका की नई रणनीति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
पाकिस्तान में बातचीत की तैयारियां पूरी
ईरान के प्रतिनिधिमंडल के पाकिस्तान पहुंचने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सीजफायर से जुड़ी अहम वार्ता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस्लामाबाद और रावलपिंडी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पाकिस्तान सरकार ने दोनों शहरों में पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है। स्कूल, कॉलेज, सरकारी-निजी दफ्तर, दुकानें और बाजार बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वार्ता के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 10 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पाकिस्तान रेंजर्स और सेना के जवान शहर के हर कोने में मुस्तैद हैं।
Latest World News