1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारतीय मूल की मां और उसके 6 साल के बेटे के हत्यारे हामिद पर FBI ने रखा 50 हजार डॉलर का इनाम, पिता था अगला टारगेट

भारतीय मूल की मां और उसके 6 साल के बेटे के हत्यारे हामिद पर FBI ने रखा 50 हजार डॉलर का इनाम, पिता था अगला टारगेट

अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने भारतीय मूल के हत्यारे हामिद का प्रत्यर्पण मांगा है। हामिद पर न्यूजर्सी में भारतीय मूल की एक हिंदू महिला और उसके 6 साल के बेटे की हत्या का आरोप है।

FBI प्रतीकात्मक फोटो। - India TV Hindi
Image Source : AP FBI प्रतीकात्मक फोटो।

न्यूयॉर्क: अमेरिका में भारतीय मूल की एक मां और उसके 6 साल के बेटे को भारत के ही रहने वाले हत्यारे हामिद ने मौत के घाट उतार दिया। हामिद मां और बेटे की हत्या के बाद उसके पिता को भी मार डालना चाहता था। मगर वह अपनी इस योजना में सफल नहीं हो सका। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) के अनुसार यह घटना 2017 में न्यू जर्सी में घटित हुई, जहां एक भारतीय मूल की महिला और उसके छह वर्षीय बेटे की बेरहमी से हुई हत्या कर दी गई। इस मामले में मुख्य आरोपी भारतीय नागरिक नजीर हामिद (38) की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 50,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 42 लाख रुपये) तक का इनाम घोषित किया है। 

 

एफबीआई ने भारत से मांगा हामिद का प्रत्यर्पण

एफबीआई से जुड़े अमेरिकी अधिकारियों ने भारत सरकार से हामिद के प्रत्यर्पण की अपील की है। घटना 23 मार्च 2017 की है, जब न्यू जर्सी के मेपल शेड स्थित एक अपार्टमेंट में शशिकला नारा (38) और उनके बेटे अनीश नारा (6) के शव मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दोनों की गर्दन पर चाकू से कई गहरे घाव थे और बच्चे का सिर धड़ से लगभग अलग हो चुका था। पुलिस ने इसे अब तक का सबसे भयावह दृश्य बताया था। आरोपी नजीर हामिद उसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहता था और पीड़िता के पति हनुमंथ नारा के साथ एक आईटी कंपनी में काम करता था।

 

मृतका के पति के साथ काम करता था हत्यारा

एफबीआई के अनुसार मृतका के पति हनुमंथ नारा के साथ ही हामिद काम करता था। वह हनुमंथ का भी लगातार पीछा करता था। हत्या के महज छह महीने बाद ही हामिद भारत लौट गया और तब से भारत में ही रह रहा है। इस साल फरवरी में अमेरिकी अदालत ने हामिद पर दो हत्याओं, अवैध हथियार रखने तथा हत्या के लिए हथियार के दुरुपयोग के आरोप तय किए। वह वर्तमान में एफबीआई की ‘मोस्ट वॉन्टेड’ सूची में शामिल है। न्यू जर्सी के गवर्नर फिल मर्फी ने स्वयं भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा को फोन किया और पत्र लिखकर नजीर हामिद के शीघ्र प्रत्यर्पण में भारत सरकार से सहयोग मांगा है। 

 

एफबीआई के पास हामिद के खिलाफ ठोस सुबूत

न्यूजर्सी के गवर्नर ने इसे “नृशंस अपराध” करार देते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे न्यू जर्सी राज्य को स्तब्ध कर दिया था। बर्लिंगटन काउंटी अभियोजक कार्यालय ने हामिद के खिलाफ ठोस सबूत मौजूद होने का दावा किया है। साथ ही कहा है कि उसकी गिरफ्तारी तथा प्रत्यर्पण से ही न्याय सुनिश्चित होगा। एफबीआई ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नजीर हामिद के ठिकाने या उससे संबंधित कोई विश्वसनीय जानकारी रखता हो तो नजदीकी अमेरिकी दूतावास या एफबीआई से संपर्क करे। जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। (भाषा)

Latest World News