वॉशिंगटन: अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने मंगलवार को दावा किया है कि उसने वॉशिंगटन में पिछले वीकेंड में आयोजित UFC इवेंट के दौरान संभावित हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है और इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह UFC इवेंट व्हाइट हाउस के लॉन में रविवार को आयोजित किया गया था और इसे एक बड़े पार्क में लाइव स्क्रीन पर भी दिखाया गया था। इस कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनके कैबिनेट सदस्य और विशेष अतिथि शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान साउथ पार्क इलाके में बड़ी स्क्रीन पर इवेंट देखने के लिए दसियों हजार लोग एकत्र हुए थे।
काश पटेल ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
FBI निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि 10 जून को FBI और उसके सहयोगी सुरक्षा एजेंसियों को इस इवेंट से जुड़ी संभावित धमकी की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि यह खतरा वॉशिंगटन डी.सी. के बाहर के कुछ लोगों से जुड़ा था। एक बहु-राज्यीय अभियान के तहत FBI, उसके साझेदारों और न्याय विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया और हमले की योजना को रोक दिया गया।
Image Source : APUFC इवेंट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस में मौजूद थे।
साजिशकर्ताओं ने बनाया था खतरनाक प्लान
रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि कथित साजिश में विस्फोटक लगे ड्रोन का इस्तेमाल कर इवेंट के पास की इमारतों को निशाना बनाने की योजना थी। इसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर लोगों को वहां से हटाना और भीड़ को पहले से तय स्नाइपर टीम की ओर धकेलना था। इसके बाद कथित तौर पर 'दूसरी लहर' में हमलावरों को व्हाइट हाउस के गेट पर हमला करने का प्लान था। इस मामले में अब तक कम से कम 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है और जांच में 23 लोगों को एक संभावित नेटवर्क से जुड़े होने के तौर पर पहचाना गया है।
Image Source : APUFC इवेंट के दौरान व्हाइट हाउस में काश पटेल।
'एजेंसी का काम ही ऐसे मामलों का पता लगाना'
काश पटेल ने कहा कि यह कार्रवाई FBI और उसकी टीम की बेहतरीन जांच का परिणाम है, लेकिन यह उनके लिए कोई असामान्य काम नहीं है। उन्होंने कहा कि एजेंसी का काम ही ऐसे मामलों का पता लगाना, प्रतिक्रिया देना और दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाना है, खासकर बड़े सार्वजनिक आयोजनों के दौरान। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उसी जिम्मेदारी का हिस्सा है और आगे भी जांच जारी रहेगी। एजेंसी जरूरत पड़ने पर और जानकारी सार्वजनिक करती रहेगी।
ये भी पढ़ें:
डोनाल्ड ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट आई सामने, स्वास्थ्य के साथ लंबाई और वजन भी बताया
H-1B वीजा फीस से जुड़े कोर्ट के फैसले पर भड़के ट्रंप, कहा- 'देश को भारी नुकसान पहुंचा रहे'
Latest World News