A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'ईरान को एक घंटे के भीतर खत्म कर सकते हैं...', व्हाइट हाउस में बोले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

'ईरान को एक घंटे के भीतर खत्म कर सकते हैं...', व्हाइट हाउस में बोले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

व्हाइट हाउस में बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका चाहे तो ईरान को एक घंटे के भीतर खत्म कर सकता है। उन्होंने ये भी दावा किया है कि ईरान की नौसेना लगभग पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है।

donald trump iran war- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से दी ईरान को धमकी।

मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच छिड़ी जंग का आज तेरहवां दिन है और आज भी दोनों तरफ से जबरदस्त मिसाइल-बम और गोले-बारूद दागे जा रहे हैं। ट्रंप ईरान पर मिसाइल चला रहे हैं। ईरान भी जबरदस्त जवाब दे रहा है। ट्रंप कह रहे हैं कि उनकी सेना ने ईरान को तबाह कर दिया है, लेकिन युद्ध रुक नहीं रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में ईरान युद्ध पर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर हम चाहें तो ईरान को एक घंटे के भीतर खत्म कर सकते हैं और वे फिर कभी उठ नहीं पाएंगे।

हमारे पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना- ट्रंप

अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई थी। अब ईरान ने उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर नियुक्त किया है। ट्रंप से जब पूछा गया कि अगर मोजतबा खामेनेई ईरान के सुप्रीम लीडर बने रहते हैं तो क्या वे ईरान के साथ लड़ाई में जीत का ऐलान करेंगे? इस सवाल पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।" उन्होंने आगे ये कहा कि हमारे पास दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी सेना है। कोई भी इसके आस-पास नहीं है।

ईरान के लगभग सभी माइन शिप खत्म- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलग-अलग तेल कंपनियों के CEOs द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने की अपील के बारे में पूछे जाने पर कहा, "हां, मुझे लगता है कि उन्हें ऐसा करना चाहिए। मुझे लगता है कि उन्हें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का इस्तेमाल करना चाहिए। हमने एक रात में उनके (ईरान के) लगभग सभी माइन शिप खत्म कर दिए लेकिन उनकी लगभग पूरी नेवी समुद्र की गहराई में चली गई है।"

अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ- ट्रंप 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हमने ईरान के इतिहास में सबसे भीषण प्रहार किया है, अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा- "हमें कुछ बुरे लोगों से छुटकारा पाने के लिए एक छोटी सी ट्रिप करनी पड़ी। यह 47 साल पहले हो जाना चाहिए था। वे (ईरान) 47 साल से हमारे लोगों को मार रहे हैं। वे बहुत मजबूत हैं। वे पूरे मध्य पूर्व पर कब्जा करने की कोशिश करने जा रहे थे। वे इजरायल को खत्म करने जा रहे थे। लेकिन अब वे अमेरिकी सेना की चपेट में आ गए। उन्हें ऐसी किसी चीज की उम्मीद नहीं थी।"

ये भी पढ़ें- "ईरान के साथ युद्ध जब भी मैं चाहूं, खत्म हो जाएगा, अब कुछ बचा नहीं है", मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान

इजरायल पर हमले में मिसाइलों के वारहेड में क्लस्टर बमों का इस्तेमाल कर रहा ईरान, IDF का सनसनीखेज दावा

Latest World News