Iran US War Ceasefire Live: UN ने ईरान-अमेरिका सीजफायर का स्वागत किया, एंटोनियो गुटरेस ने की पोस्ट
Iran US War Ceasefire Live: ईरान और अमेरिका में आखिरकार 2 हफ्ते का सीजफायर हो गया है। संयुक्त राष्ट्र ने ईरान-अमेरिका के बीच हुए 2 हफ्ते के युद्ध विराम समझौते का स्वागत किया है।

Israel US Iran War Ceasefire Live: ईरान और अमेरिका में आखिरकार 2 हफ्ते का सीजफायर हो गया है। संयुक्त राष्ट्र ने ईरान-अमेरिका के बीच हुए युद्ध विराम समझौते का स्वागत किया है। यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ए्क्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान द्वारा घोषित दो सप्ताह के युद्धविराम का स्वागत करता हूं। मैं सभी पक्षों से अपील करता हूं कि वे इसके नियमों का पालन करें, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित हो सके। यूरोपीय संघ इन प्रयासों को समर्थन देने के लिए तैयार है और क्षेत्र के अपने साझेदारों के साथ निरंतर संपर्क में है। मैं पाकिस्तान और इस समझौते को सुगम बनाने में शामिल सभी पक्षों का आभार व्यक्त करता हूं।
अमेरिका-ईरान सीजफायर पर भारत का पहला बयान सामने आया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक्स पर जारी स्टेटमेंट में कहा कि हम युद्धविराम के इस फैसले का स्वागत करते हैं। उम्मीद है कि इस पहल से पश्चिमी एशिया में शांति आएगी। हम पहले भी असैन्यीकरण, डायलॉग और डिप्लोमेसी से इसके समाधान की वकालत करते रहे हैं। इस संघर्ष के कारण लोगों को भारी पीड़ा झेलनी पड़ी है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति एवं व्यापार नेटवर्क बाधित हो गए हैं। हमें उम्मीद है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार का प्रवाह जारी रहेगा।
भारत स्थित ईरान के दूतावास ने अपने पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की उस पोस्ट को रिपोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हम दुश्मन को उसके घुटनों पर ला देंगे। ईरान ने इस पोस्ट को शेयर करते लिखा है कि आपने हमें सिखाया और हमने उसका पालन किया। ईरान का दावा है कि अमेरिका ने उसके आगे सरेंडर कर दिया है और उसकी 10 शर्तों को ट्रंप ने मान लिया है।
साउथ अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने एक पोस्ट में कहा, इतिहास में इसे याद रखा जाए-
- हमने कभी युद्ध शुरू नहीं किया।
- हमने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया।
- हमने बच्चों की हत्या नहीं की।
- हमने अपनी मातृभूमि की रक्षा की, जो हमारे लिए हमारे जीवन से भी अधिक प्रिय है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की शर्तों पर ईरान पर 2 हफ्ते तक हमले नहीं करने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान से हमें 10 सूत्रीय प्रस्ताव मिला है, जिस पर हम विचार कर रहे हैं। इस बीच ट्रंप ने दावा किया है कि उनका मानना है कि ईरान को चीन ने बातचीत के लिए राजी किया है। इससे पहले ट्रंप ने पाकिस्तान को ईरान को सीजफायर के लिए मनाने के लिए धन्यवाद किया था। वहीं ईरान की ओर से युद्ध विराम की बड़ी शर्त सामने आई है। इसमें कहा गया है कि ईरान युद्ध विराम होने पर होर्मुज से गुजरने वाले सभी जहाजों से 20 लाख अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना वसूलेगा।
वहीं ईरान का दावा है कि हमारी 10 शर्तों को ट्रंप ने मान लिया है। अगर हमारे ऊपर अब हमला नहीं होता तो हमारी सेना 2 हफ्ते तक सीजफायर का पालन करेगी। इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने तत्काल हमले रोकने का आदेश दिया है। 'ट्रंप ने सीजफायर के ऐलान के बाद ये पोस्ट किया था-
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा-10 शर्तों पर हुए राजी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी 10 शर्तों के प्रस्तावों को ट्रंप द्वारा माने जाने पर राजी हुई है। अब्बास अराघची ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की ओर से मैं अपने प्रिय भाइयों, पाकिस्तान के माननीय प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का इस क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के लिए उनके अथक प्रयासों के लिए हार्दिक आभार और सराहना व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री शरीफ के ट्वीट में किए गए भाईचारे वाले अनुरोध के जवाब में तथा अमेरिका द्वारा उसके 15-पॉइंट प्रस्ताव के आधार पर वार्ता का अनुरोध करने और POTUS द्वारा ईरान के 10-पॉइंट प्रस्ताव के सामान्य ढांचे को वार्ता का आधार मानने की घोषणा को ध्यान में रखते हुए मैं ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से घोषणा करता हूं कि यदि ईरान पर हमले रोके जाते हैं, तो हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं अपनी रक्षात्मक कार्रवाइयां बंद कर देंगी। आगामी दो सप्ताह की अवधि के लिए, हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग संभव होगा, जो ईरान की सशस्त्र सेनाओं के साथ समन्वय करके और तकनीकी सीमाओं को ध्यान में रखते हुए किया जा सकता है।"
Live updates : Iran US Ceasefire: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम का ऐलान
-
April 08, 2026 11:36 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान पर नहीं बदली ट्रंप की रेड लाइन
व्हाइट हाउस का कहना है कि ईरान पर ट्रंप की 'रेड लाइन' में 'कोई बदलाव नहीं आया है', व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने वॉशिंगटन, DC में पत्रकारों से कहा, "राष्ट्रपति की रेड लाइन-यानी ईरान में यूरेनियम संवर्धन का अंत- में कोई बदलाव नहीं आया है।"
-
April 08, 2026 10:51 PM (IST) Posted by Amit Mishra
लेबनान में 112 लोगों की हुई मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल के विनाशकारी हमलों में लेबनान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 112 हो गई है, जबकि 837 लोग घायल हुए हैं।
-
April 08, 2026 9:21 PM (IST) Posted by Amit Mishra
कुवैत की तेल सुविधाओं और पावर स्टेशनों को बनाया गया निशाना
कुवैत का कहना है कि ईरानी ड्रोन हमले में तेल की सुविधाओं और पावर स्टेशनों को निशाना बनाया गया है। मंत्रालय ने बताया कि हमले वाली कुछ जगहों पर आग लग गई थी। इन जगहों में तेल की सुविधाएं, 3 पावर स्टेशन और पानी को मीठा बनाने वाले प्लांट शामिल हैं। अमेरिका और ईरान द्वारा 2 हफ्तों के लिए युद्धविराम की घोषणा किए जाने के बावजूद, सऊदी अरब, UAE और बहरीन ने भी हमलों की सूचना दी है।
-
April 08, 2026 8:05 PM (IST) Posted by Amit Mishra
इजरायल के विदेश मंत्री ने हिजबुल्लाह नेता को दी धमकी
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने एक वीडियो बयान में कहा है कि इजरायल ने पूरे लेबनान में हिजबुल्लाह के सैकड़ों लड़ाकों पर हमले किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पेजर हमले के बाद से हिजबुल्लाह को यह सबसे बड़ा झटका है। उन्होंने सितंबर 2024 के उस हमले का जिक्र किया, जब इजरायल ने छोटे विस्फोटक धमाके किए थे। ये विस्फोटक इजरायल के एजेंट्स ने हिजबुल्लाह की पेजर सप्लाई चेन में रखे थे, जिससे कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी और 3,000 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि हिजबुल्लाह के नेता नईम कासिम की बारी भी आएगी।
-
April 08, 2026 7:07 PM (IST) Posted by Amit Mishra
हिजबुल्लाह पर जारी रहेंगे हमले
इजरायल के जनरल स्टाफ के प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर का कहना है कि सेना बिना किसी समझौते के हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखेगी। इजरायली सेना के एक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा, "हम आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखेंगे और हर मौके का फायदा उठाएंगे।" उन्होंने कहा, "हम उत्तरी क्षेत्र के निवासियों की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं करेंगे। हम बिना किसी रुकावट के हमले जारी रखेंगे।"
-
April 08, 2026 5:37 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान की नौसेना ने दी चेतावनी
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास मौजूद जहाजों को ईरान की नौसेना से चेतावनी मिली है कि इस जलमार्ग से गुजरने के लिए उन्हें अनुमति लेनी होगी। जहाजों को यह भी बताया गया है कि बिना अनुमति के गुजरने की कोई भी कोशिश किए जाने पर उन्हें नष्ट कर दिया जाएगा।
-
April 08, 2026 5:18 PM (IST) Posted by Amit Mishra
IRGC ने कहा 'ट्रिगर' पर है उंगली
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का कहना है कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई के आदेशों का पालन किया है, लेकिन उनकी उंगली अभी भी ट्रिगर पर है। अमेरिका और इजरायल का जिक्र करते हुए IRGC ने कहा, "दुश्मन हमेशा से धोखेबाज रहा है और हमें उसके वादों पर कोई भरोसा नहीं है, हम हर हमले का जवाब और भी ऊंचे स्तर पर देंगे।"
-
April 08, 2026 4:04 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ईरान के लवान द्वीप की रिफाइनरी पर हुआ हमला
ईरान का कहना है कि सीजफायर का ऐलान होने के बाद लवान द्वीप की रिफाइनरी पर हमला हुआ है। ईरान के सरकारी टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को ईरान के लवान द्वीप पर स्थित एक तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ। यह हमला युद्धविराम का ऐलान होने के कुछ ही घंटों बाद हुआ। इस हमले में किसी को चोट नहीं आई है।
-
April 08, 2026 4:02 PM (IST) Posted by Amit Mishra
सीजफायर के बावजूद कुवैत पर हुआ हमला
ईरानी ड्रोन ने सीजफायर के बावजूद कुवैत के तेल और बिजली ठिकानों को निशाना बनाया है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी के अनुसार, कुवैत की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने 28 ईरानी ड्रोनों को रोका है। अल-ओतैबी ने कहा कि कुछ ड्रोन्स ने देश के दक्षिण में स्थित महत्वपूर्ण तेल सुविधाओं और बिजली स्टेशनों को निशाना बनाया, जिसके परिणामस्वरूप तेल के बुनियादी ढांचे, बिजली स्टेशनों और पानी को मीठा बनाने वाले संयंत्रों को नुकसान पहुंचा है।
-
April 08, 2026 3:29 PM (IST) Posted by Amit Mishra
UAE रोक रहा मिसाइलों की बैछार
संयुक्त अरब अमीरात का कहना है कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली ईरान से आ रही मिसाइलों की बौछार पर जवाबी कार्रवाई कर रही है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग 28 फरवरी को शुरू हुई थी। फिलहाल, सीजफायर का ऐलान किया गया है।
-
April 08, 2026 2:49 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
लेबनान पर इजरायल के हमले जारी रहने की स्पेन ने सख्त निंदा की
ईरान-अमेरिका सीजफायर के बावजूद इजरायल का लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला जारी है। स्पेन ने इसके लिए इजरायल की कड़ी निंदा की है।
-
April 08, 2026 2:46 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल-अमेरिका के 5 बार हमलों के बावजूद ईरान का बुशहर परमाणु केंद्र कार्यरत
ईरान के बुशहर परमाणु केंद्र पर इजरायल और अमेरिका द्वारा 5 बार हमले किए जाने के बावजूद ईरान का बुशहर परमाणु केंद्र सुरक्षित है और वह अभी भी बिजली का उत्पादन कर रहा है। यह दावा ईरान ने किया है।
-
April 08, 2026 2:44 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका सीजफायर के बाद जश्न का लगातार बढ़ रहा दायरा
ईरान और अमेरिका में 2 हफ्ते तक सीजफायर रहने का ऐलान होने के बाद ईरानी लोग लगातार जश्न मना रहे हैें।
-
April 08, 2026 2:24 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान सेना के आगे नतमस्तक हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, आईआरजीसी का बड़ा बयान
ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने बड़ा बयान दिया है। ईरानी सेना ने कहा कि बड़बोले अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान के राष्ट्रीय संकल्प, सैन्य शक्ति और नेतृत्व के मार्गदर्शन से विवश होकर तीन बार पीछे हटने के बाद उसकी दस-सूत्रीय वार्ता योजना को स्वीकार करने के लिए बाध्य हो गए, जबकि ईरान की सेनाएं अपने हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक सतर्क रहेंगी।
-
April 08, 2026 1:51 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल ने भी किया ईरान के खिलाफ सीजफायर का ऐलान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद अब इजरायल ने भी ईरान के खिलाफ सीजफायर का ऐलान कर दिया है।
-
April 08, 2026 1:36 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के टायर शहर से लोगों को निकलने की चेतावनी दी
अमेरिका-ईरान में सीजफायर के बाद इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर हमला तेज कर दिया है। आईडीएफ ने लेबनान के टायर शहर के लिए निकासी की चेतावनी जारी की है। लेबनानी सेना ने विस्थापितों को दक्षिण की ओर वापस न लौटने की चेतावनी दी है।
-
April 08, 2026 1:25 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर के ऐलान के बाद पूरे ईरान में शुरू हुआ जश्न का दौर
अमेरिका और ईरान में 2 हफ्ते के सीजफायर के ऐलान के बाद पूरे तेहरान में जश्न का दौर शुरू हो गया है। पूरे ईरान में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और देश के झंडे के साथ जीत का जश्न मना रहे हैं।
-
April 08, 2026 12:50 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका-ईरान युद्ध विराम को यूरोपीय संघ ने बड़ा कदम बताया
यूरोपीय संघ की उपाध्यक्ष कजा कल्लास ने अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम समझौते को हफ्तों से जारी तनाव के बाद एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इससे धमकियों को कम करने, मिसाइलों को रोकने, जहाजों के आवागमन को फिर से शुरू करने और एक स्थायी समझौते की दिशा में कूटनीति के लिए जगह बनाने का एक बेहद जरूरी अवसर मिला है। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से आवागमन के लिए खोला जाना चाहिए।
-
April 08, 2026 12:33 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल में विपक्ष के नेता ने अमेरिका-ईरान युद्ध विराम को ‘राजनीतिक आपदा’ कहा
इजरायल में विपक्ष के नेता ने अमेरिराक-ईरान युद्धविराम को ‘राजनीतिक आपदा’ बताया है। नताली मेल्ज़र द्वारा इजरायली विपक्षी नेता यायर लापिड ने अमेरिका ईरान और इजरायल के बीच हुए दो सप्ताह के युद्धविराम पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा, “ हमारे पूरे इतिहास में कभी भी ऐसी राजनीतिक आपदा नहीं हुई। इजरायल की राष्ट्रीय सुरक्षा के मूल मुद्दों पर फैसले लिए जा रहे थे, लेकिन इजरायल को उस मेज पर जगह तक नहीं दी गई।,” लापिड ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा। लापिड और इजरायल के अन्य विपक्षी दल के नेताओं ने ईरान के खिलाफ युद्ध का समर्थन किया है, लेकिन उसकी “प्रबंधन” की कड़ी आलोचना की है। समझौते की घोषणा के कुछ घंटे बाद लापिड ने अपने पोस्ट में कहा कि “सेना ने उससे जो कुछ भी मांगा गया, वह सब किया, जनता ने अद्भुत धैर्य और साहस दिखाया, लेकिन नेतन्याहू राजनीतिक रूप से असफल रहे, रणनीतिक रूप से असफल रहे और उन्होंने खुद जो लक्ष्य तय किए थे, उनमें से कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं कर सके।”
-
April 08, 2026 12:18 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ईरान-अमेरिका सीजफायर का स्वागत किया
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ईरान-अमेरिका सीजफायर का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय शांती आएगी और होर्मुज फिर से खुलेगा।
-
April 08, 2026 12:04 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने किया हमला, इमारतों से उठता दिखा धुआं
दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने फिर हमला किया है। हमले के बाद एक बिल्डिंग से ऊंचा काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। इजरायल ने हिजबुल्लाह पर यह हमला ईरान द्वारा सीजफायर की मांगों में हिजबुल्लाह पर इजरायल द्वारा हमले रोकने की अपील के बावजूद किया है। अमेरिका ने इजरायल को भरोसा दिया है कि ईरान के साथ सीजफायर की शर्तों में लेबनान और हिजबुल्लाह शामिल नहीं है।
-
April 08, 2026 11:52 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
युद्ध विराम के बाद ईरान में अपने नागरिकों को भारत ने जारी की एडवाइजरी
युद्धविराम के कुछ घंटों बाद भारत ने अपने नागरिकों को ईरान से शीघ्र निकलने की सलाह जारी की है। इससे पहले भारत ने ट्रंप द्वारा ईरान पर बड़े हमले की धमकी के दौरान अगले 48 घंटों तक घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह जारी की थी।
-
April 08, 2026 11:50 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका युद्ध विराम की घोषणा के बाद कच्चे तेल के दामों में बड़ी गिरावट
ईरान-अमेरिका में युद्ध विराम की घोषणा के बाद कच्चे तेल के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। कच्चे तेल के दाम 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए हैं।
-
April 08, 2026 11:23 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने इजरायल के यहूदी पत्रकार की टिप्पणी का दिया हवाला, "ईरान की जीत हुई"
ईरान ने इजरायल के यहूदी पत्रकार की टिप्पणी का दिया हवाला देते हुए एक पोस्ट को शेयर किया। जिसमें यहूदी लेखक और टिप्पणीकार एलोन मिज़राही ने लिखा था,
"ट्रम्प ईरान की शर्तें मानने के लिए मजबूर हुए। जानते हैं क्यों? क्योंकि इस पूरे मामले में ईरान की ही जीत हुई।" -
April 08, 2026 11:09 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान की प्रेस टीवी ने शेयर किया वीडियो, लिखा-अमेरिकी सरेंडर के बाद बगदाद में इराकी मना रहे जश्न
ईरान की सरकारी प्रेस टीवी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें लिखा है कि ईरान के सामने अमेरिका द्वारा सरेंडर किए जाने के बाद बगदाद में इराकी लोग सड़क पर जीत का जश्न मना रहे हैं।
-
April 08, 2026 11:04 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर पर इस्लामाबाद में 10 अप्रैल को पहली वार्ता
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर पर इस्लामाबाद में 10 अप्रैल को पहली वार्ता तय हुई है। ईरान और अमेरिका पाकिस्तान की मध्यस्थता में इस्लामाबाद में वार्ता करेंगे।
-
April 08, 2026 10:49 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
बगदाद में अमेरिकी ठिकानों पर ईरान ने किया हमला
ईरान और अमेरिका में सीजफायर के ऐलान के बावजूद इसकी कोई समय-सीमा तय नहीं हुई है। लिहाजा ईरान ने बगदाद में अमेरिकी ठिकाने को फिर निशाना बनाया है। वहीं अमेरिका भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है।
-
April 08, 2026 10:46 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका-ईरान में सीजफायर के ऐलान के बाद बहरीन में मिसाइल हमले का बजा अलार्म
एपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और ईरान द्वारा युद्ध में दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताने के कुछ घंटों बाद बहरीन ने मिसाइल अलर्ट अलार्म बजाया।
-
April 08, 2026 10:42 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर ऐलान के बाद ईरान ने इजरायल के हाईफा पर किया क्लस्टर मिसाइल से हमला
सीजफायर ऐलान के बाद ईरान ने इजरायल के हाईफा पर बुधवार को क्लस्टर मिसाइल से हमला किया। इस हमले में इजरायल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है।
-
April 08, 2026 9:58 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका युद्ध विराम कब से लागू होगा, इसका कोई समय तय नहीं
अमेरिका-ईरान के बीच 'युद्धविराम' के लिए कोई शुरुआती समय तय नहीं हुआ। एपी की रिपोर्ट के अनुसार अभी कोई समय और तिथि निश्चित नहीं की गई है।
-
April 08, 2026 9:29 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका सीजफायर के बीच इजरायल ने किया हिजबुल्लाह के ठिकानों पर बड़ा हमला
ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर बड़ा हमला किया है।
-
April 08, 2026 9:27 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका ने ईरान पर बड़ी और पूर्ण जीत का दावा किया
ईरान के साथ युद्धविराम समझौते पर सहमति बनने के बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर "पूर्ण और निर्णायक जीत" हासिल की है। ट्रम्प का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि चीन ने अपने प्रमुख सहयोगी ईरान को बातचीत के लिए राजी किया।
-
April 08, 2026 8:46 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ह्वाइट हाउस के बाहर जश्न मनाने पहुंचे ईरान के लोग
ट्रंप द्वारा सीजफायर का ऐलान किए जाने के बाद ईरानी लोग ह्वाइट हाउस के बाहर जीत का जश्न मनाने पहुंच गए हैं। ईरान ने इस सीजफायर को अमेरिका पर अपनी जीत बताया है।
-
April 08, 2026 8:36 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने ईरान में युद्ध विराम के ट्रंप के फैसले का स्वागत किया
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि इज़रायल ईरान में अस्थायी युद्धविराम के अमेरिकी फैसले का समर्थन करता है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि युद्धविराम में लेबनान शामिल नहीं है।
-
April 08, 2026 8:32 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर को लेकर इजरायल को ट्रंप प्रशासन ने क्या बताया?
ट्रम्प प्रशासन ने इजरायल को बताया है कि वह दो सप्ताह तक बातचीत के दौरान ईरान से परमाणु सामग्री हटाने, यूरेनियम संवर्धन बंद करने और बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे को समाप्त करने की मांग करेगा।
-
April 08, 2026 8:29 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान का दावा, अमेरिका 1 महीने से सीजफायर के लिए गिड़गिड़ा रहा था
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा 2 हफ्ते के सीजफायर का ऐलान किए जाने के बाद ईरान का बड़ा बयान सामने आया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका 1 महीने से सीजफायर के लिए उससे गिड़गिड़ा रहा था।
-
April 08, 2026 8:20 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के खिलाफ ट्रंप ने किया पूर्ण आत्मसमर्पण, अमेरिकी सीनेटर क्रिस मर्फी का बयान
अमेरिकी सीनेटर क्रिस मर्फी ने ईरान-अमेरिका सीजफायर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि ईरान के खिलाफ युद्ध में ट्रंप के पूर्ण आत्मसमर्पण से समाप्त हुआ, जिससे ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण मिल गया।
-
April 08, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के मिसाइल हमले में तेल-अवीव में 11 लोग घायल
ट्रंप द्वारा सीजफायर के ऐलान के बाद भी इजरायल पर ईरान का हमला जारी है। तेल-अवीव पर ईरानी मिसाइलें गिरने से हड़कंप मचा है। इस हमले में कम से कम 11 लोग घायल हो गए हैं।
-
April 08, 2026 8:05 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
तेहरान में सरकार समर्थक प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे
ट्रंप द्वारा ईरान में युद्धविराम की घोषणा के बाद बुधवार सुबह तेहरान की सड़कों पर सरकार समर्थक प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए। उन्होंने “अमेरिका मुर्दाबाद, इज़रायल मुर्दाबाद, समझौताकारी मुर्दाबाद!” जैसे नारे लगाए। संगठनकर्ताओं ने एक बार प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वे लगातार नारे लगाते रहे। उन्होंने सड़क पर अमेरिकी और इज़रायली झंडों को भी जलाया। यह कट्टरपंथियों के लगातार गुस्से को दर्शाता है, जो कई दिनों से अमेरिका के साथ एक विनाशकारी और महाप्रलयकारी युद्ध की तैयारी कर रहे थे।
-
April 08, 2026 8:01 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका के साथ ईरान का युद्ध विराम, इजरायल अभी भी कर रहा तेहरान पर हमले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भले ही ईरान के साथ युद्ध विराम कर दिया हो, लेकिन इजरायल और ईरान की जंग अभी भी जारी है। दोनों देश एक दूसरे पर हमले जारी रखे हुए हैं।
-
April 08, 2026 7:59 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद ईरान की पोस्ट, "आज मिनाब के बच्चे सर्वग में जीत का जश्न मना रहे होंगे"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ 2 हफ्ते के युद्ध विराम का ऐलान किए जाने के बाद भारत में ईरानी दूतावास ने एक पोस्ट में कहा है, "आज मिनाब स्कूल के बच्चे स्वर्ग में विजय का जश्न मना रहे हैं; प्रकाश और देवदूतों के बीच उनकी मुस्कान कभी फीकी नहीं पड़ेगी। आपकी यादें हमारे दिलों में हमेशा रहेंगी…हम आपको कभी नहीं भूलेंगे।"
-
April 08, 2026 7:51 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अबू धाबी में ईरान के हमले के बाद गैस संयंत्र में लगी आग
एपी की रिपोर्ट के अनुसार अबू धाबी के अधिकारियों का कहना है कि ईरान की ओर से हमले की सूचना मिलने के बाद अबू धाबी के हबशान गैस प्रसंस्करण संयंत्र में आग लग गई है। वहीं इजरायली सैन्य अधिकारी का कहना है कि व्हाइट हाउस द्वारा इजरायल के युद्धविराम पर सहमति जताए जाने के बावजूद तेल-अवीव अभी भी ईरान पर हमला कर रहा है।
-
April 08, 2026 7:46 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इराक भी मना रहा ईरान में हुए सीजफायर का जश्न
अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम का इराक की जनता भी जश्न मना रही है। इराक से ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आई है।
-
April 08, 2026 7:42 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ह्वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने ईरान पर सीजफायर को ट्रंप और अमेरिका की जीत बताया
कैरोलिन लेविट में ने लिखा, यह संयुक्त राज्य अमेरिका की एक ऐसी जीत है, जिसे राष्ट्रपति ट्रम्प और हमारी असाधारण सेना ने संभव बनाया है। ऑपरेशन एपिक फ्यूरी की शुरुआत से ही राष्ट्रपति ट्रम्प ने अनुमान लगाया था कि यह ऑपरेशन 4-6 सप्ताह तक चलेगा। हमारे योद्धाओं की अविश्वसनीय क्षमताओं के बदौलत, हमने 38 दिनों में अपने मुख्य सैन्य उद्देश्यों को हासिल कर लिया है और उनसे कहीं अधिक हासिल कर लिया है। इस बारे में कल सुबह युद्ध विभाग और चेयरमैन केन से और अधिक जानकारी मिलेगी! हमारी सेना की सफलता ने अत्यंत लाभकारी रही, जिससे राष्ट्रपति ट्रम्प और उनकी टीम कठिन वार्ताओं में शामिल हो सकी, जिसने अब एक राजनयिक समाधान और दीर्घकालिक शांति का मार्ग प्रशस्त किया है। इसके अलावा राष्ट्रपति ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खुलवाया। अमेरिका के हितों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने और शांति स्थापित करने की राष्ट्रपति ट्रम्प की क्षमता को कभी कम मत आंकिए।
-
April 08, 2026 7:28 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर के ऐलान के बाद ईरानी मना रहे जीत का जश्न
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 2 हफ्ते के सीजफायर का ऐलान किए जाने के बाद जीत का जश्न मना रहे हैं। भारत में ईरान के दूतावास ने इससे जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है।
-
April 08, 2026 7:27 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
85 अमेरिकी सांसदों ने मांगा ट्रंप का इस्तीफा
ईरान युद्ध के मसले पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ट्रंप द्वारा ईरान के साथ 2 हफ्ते के सीजफायर का ऐलान करने के बाद 85 अमेरिकी सांसदों ने उनका इस्तीफा मांग लिया है।
-
April 08, 2026 7:08 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर के बाद ईरान का ऐलान, "दुश्मन को घुटनों पर लाने का वादा पूरा हुआ"
अमेरिका के साथ 2 हफ्ते के लिए सीजफायर के बाद ईरान ने बड़ा ऐलान किया है। ईरान ने एक पोस्ट में अपने पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई द्वारा दुश्मनों को घुटने पर लाने वाले ट्वीट को शेयर करते कहा, "दुश्मन को घुटनों पर लाने का वादा पूरा हुआ"।
-
April 08, 2026 7:06 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरानी सेना ने अपनी जीत का ऐलान किया
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा 2 हफ्ते के सीजफायर की घोषणा के बाद ईरान ने इसे अपनी जीत माना है। ईरान का कहना है कि जब अमेरिका को लगा कि वह तेहरान से जीत नहीं सकता तो उसने अपनी हार मान ली और हमारी 10 शर्तों पर वार्ता को सहमत हो गया।
-
April 08, 2026 7:02 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर वार्ता के दौरान तेल-अवीव में बड़ा धमाका, ईरानी मिसाइलों ने ढाया कहर
अमेरिका के साथ सीजफायर वार्ता के दौरान इजरायल की राजधानी तेल-अवीव में बड़ा धमाका हुआ है। ईरानी मिसाइलों ने तेल-अवीव के कई ठिकानों को निशाना बनाया है।
-
April 08, 2026 6:59 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सीजफायर के लिए क्या हैं ईरान की 10 शर्तें, देखें लिस्ट
ईरान के सुप्रीम सिक्योरिटी काउंसिल ने सीजफायर के लिए राजी होने वाली अपनी 10 शर्तों की लिस्ट जारी की है। जो इस प्रकार हैं-
- ईरान के खिलाफ भविष्य में कोई आक्रामकता (हमला) न करना
- होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का निरंतर नियंत्रण
- यूरेनियम संवर्धन की स्वीकृति
- सभी प्रतिबंधों को हटाना
- संयुक्त राष्ट्र के सभी प्रस्तावों को समाप्त करना
- ईरान को मुआवजा देना तथा क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी।
- मिडिल-ईस्ट से अमेरिकी सैन्य बेस और सैनिक हटाए जाएं
- क्षेत्रीय संघर्षों का अंत यानी लेबनान (हिजबुल्लाह पर हमले), गाजा और अन्य मोर्चों पर सभी लड़ाइयां स्थायी रूप से समाप्त हों।
- स्थायी शांति और पुनर्निर्माण हो
- ईरान से द्वितीयक प्रतिबंध भी हटाए जाएं
-
April 08, 2026 6:53 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका के साथ सीजफायर की घोषणा के बाद, ईरान के सुप्रीम सिक्योरिटी काउंसिल ने जारी किया बयान
अमेरिका के साथ सीजफायर की घोषणा के बाद ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने बयान जारी किया है। इसमें लिखा गया है, "अल्लाह के नाम से, जो सबसे दयालु और सबसे मेहरबान है। ईरान के महान, शानदार और वीर लोगों को सूचित किया जाता है: दुश्मन ने ईरानी राष्ट्र के खिलाफ अपनी अन्यायपूर्ण, अवैध और आपराधिक आक्रामकता में एक असंदिग्ध, ऐतिहासिक और करारी हार का सामना किया है। इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता, ग्रैंड अयातुल्लाह इमाम खामेनेई (अल्लाह उन पर रहमत फरमाए) के पवित्र रक्त की बरकत से, इस्लामिक क्रांति के नेता और कमांडर-इन-चीफ, अयातुल्लाह सैय्यद मुज्तबा खामेनेई (अल्लाह उनकी हिफाजत करे) के नेतृत्व और मार्गदर्शन से तथा मुजाहिदीन की बहादुरी से ईरान ने एक महान विजय प्राप्त की है और संयुक्त राज्य अमेरिका को अपने 10-सूत्रीय योजना को स्वीकार करने के लिए मजबूर कर दिया है।
-
April 08, 2026 6:49 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल, दुबई, सऊदी अरब और कुवैत पर ईरानी मिसाइलों के हमले का अलर्ट
ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद भी ईरान का हमला जारी है। इजरायल, दुबई, सऊदी अरब और कुवैत पर ईरानी मिसाइलों के हमले का अलर्ट जारी किया गया है। आसमान में ईरानी मिसाइलों को मिडिल-ईस्ट और इजरायल में लगातार देखा जा रहा है। इनमें से कइयों को इंटरसेप्ट किया गया है।
-
April 08, 2026 6:46 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद भी मिडिल-ईस्ट और इजरायल पर बरस रहीं ईरानी मिसाइलें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद भी इजरायल और मिडिल-ईस्ट पर ईरानी मिसाइलों का गिरना जारी है।
-
April 08, 2026 6:32 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका के ऑपरेशन एपिक फ्यूरी थमा, स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे होगी प्रेसवार्ता
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ 2 हफ्ते तक सीजफायर का ऐलान करने के बाद अमेरिका का ऑपरेशन एपिक फ्यूरी थम गया है। अमेरिका का युद्ध विभाग इसे लेकर स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे प्रेस वार्ता करेगा।
-
April 08, 2026 6:29 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा-10 शर्तों पर सीजफायर को हुए राजी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने डोनाल्ड ट्रंप के दावा के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपनी 10 शर्तों को ट्रंप द्वारा माने जाने पर सीजफायर पर राजी होने की बात कही है। अराघची ने एक्स पर कहा कि अमेरिका द्वारा हमारी 10 शर्तों के प्रस्ताव को मानने के आधार पर हम ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से घोषणा करते हैं कि अगर ईरान पर हमले रोके जाते हैं, तो हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएँ अपनी रक्षात्मक कार्रवाइयाँ बंद कर देंगी।
-
April 08, 2026 6:23 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर का ऐलान किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ 2 हफ्ते के लिए सीजफायर का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ईरान द्वारा सुरक्षित खोलने के वादे पर यह सीजफायर किया गया है। वहीं ईरान ने ट्रंप द्वारा उसकी 10 शर्तें मानने पर सीजफायर मानने पर राजी होने की बात कही है।