A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने के लिए ब्रिटिश किंग चार्ल्स-III से करुंगा बात', न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी का बड़ा बयान

'कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने के लिए ब्रिटिश किंग चार्ल्स-III से करुंगा बात', न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी का बड़ा बयान

कोहिनूर हीरा भारत को वापस मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने बताया कि वह ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से इस संदर्भ में बात करेंगे और वापस करने के लिए राजी करने की कोशिश करेंगे।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी- India TV Hindi
Image Source : AP न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी

न्यूयॉर्क: न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि वह ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय को भारत को कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए सहमत करेंगे। चार्ल्स अपनी पत्नी एवं महारानी कैमिला के साथ फिलहाल अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं। वे दोनों यात्रा के दूसरे दिन न्यूयॉर्क सिटी पहुंचे। ममदानी ने बुधवार को चार्ल्स से मुलाकात से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, "अगर मुझे महाराजा से अलग से बात करने का मौका मिलता है, तो मैं उन्हें कोहिनूर हीरा (भारत को) लौटाने के लिए संभवत: सहमत करूंगा।

चार्ल्स तृतीय से मुलाकात करेंगे मेयर जोहरान ममदानी

उन्होंने इस सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की कि वह महाराजा से मुलाकात में किन मुद्दों पर बात करेंगे। कुछ घंटों बाद ममदानी ने 9/11 स्मारक पर चार्ल्स से मुलाकात की, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कि उन्होंने चार्ल्स के साथ कोहिनूर मुद्दे पर चर्चा की या नहीं। चार्ल्स और कैमिला ने 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों की स्मृति में बनाए गए 9/11 स्मारक का दौरा किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। 

अमेरिका के दौरे पर हैं किंग चार्ल्स 

इससे पहले चार्ल्स ने मंगलवार को अमेरिकी कांग्रेस (संसद) की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने 'व्हाइट हाउस' (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में चार्ल्स और कैमिला के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज आयोजित किया। चार्ल्स और कैमिला ने अपर मैनहट्टन में 'हार्लेम ग्रोन' का भी दौरा किया, जो बच्चों और परिवारों का समर्थन करने वाली शहरी फार्म की एक शृंखला है। महाराजा दलीप सिंह ने 1849 में ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया को 105.6 कैरेट का कोहिनूर हीरा भेंट किया था। 

भारत ब्रिटेन के सामने उठाता रहा है मुद्दा

महारानी एलिजाबेथ प्रथम ने 1937 में इसे अपने मुकुट में जड़वाया था। भारत ने संकेत दिया है कि वह ब्रिटेन से कोहिनूर हीरे को वापस लाने के तरीके तलाशना जारी रखेगा। भारत समय-समय पर ब्रिटिश सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाता रहा है और नयी दिल्ली का कहना है कि वह इस मामले का संतोषजनक समाधान निकालने के प्रयास जारी रखेगा। कोहिनूर हीरे को वर्तमान में लंदन टावर में रखा गया है। 'हिस्टॉरिक रॉयल पैलेसेज चैरिटी' के मुताबिक, महारानी एलिजाबेथ प्रथम के मुकुट में जड़े इस हीरे के अतीत में कई मालिक रह चुके हैं, जिनमें मुगल बादशाह, ईरान के शाह, अफगानिस्तान के अमीर और सिख महाराजा शामिल हैं। भारतीय मूल के जोहरान ममदानी (34) मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं। वह न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बनने वाले पहले मुस्लिम और प्रथम भारतवंशी हैं।

Latest World News