1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. VIDEO: फ्लोरिडा में आसमान से गिरा प्राइवेट जेट, सड़क पर टकराते ही बना आग का गोला; पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत

VIDEO: फ्लोरिडा में आसमान से गिरा प्राइवेट जेट, सड़क पर टकराते ही बना आग का गोला; पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत

अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा हो गया। बहामास जा रहा Learjet 60 बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया। पायलट समेत विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।

अमेरिका के फ्लोरिडा में क्रैश हुआ जेट प्लेन- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV अमेरिका के फ्लोरिडा में क्रैश हुआ जेट प्लेन

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसे में प्राइवेट जेट में सवार पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया। क्रैश होते ही प्लेन में आग में लग गई और पूरा प्लेन मानों एक बड़ा गोला बन गया। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने हादसे में सभी 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, Learjet 60 विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान बहामास जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान अचानक नीचे की ओर गिरा और दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ।

हादसे के बाद सड़क पर आग का बड़ा गड्ढा बन गया। घटनास्थल से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई दिया। विमान के मलबे और सड़क के टूटे हिस्सों के आस-पास आग की लपटें उठती रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रिहायशी मकानों से कुछ ही दूरी पर गिरा। गनीमत रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान सीधे किसी घर पर नहीं गिरा।

कार सवारों ने कैमरे में कैद किया हादसा

हादसे का खौफनाक वीडियो सामने आया है। कारों में बैठे लोगों ने विमान को आसमान से तेजी से नीचे गिरते और सड़क के पास टकराने के बाद आग के गोले में तब्दील होते कैमरे में रिकॉर्ड किया। घटनास्थल पर मौजूद लोग इस बात से हैरान थे कि विमान घरों और सड़क से गुजर रहे वाहनों के इतने करीब दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

जांच के लिए पहुंचेगी FAA की टीम

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) की एक टीम राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में सहयोग के लिए भेजी जा रही है। फिलहाल, हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है। विमान में सवार लोगों की पहचान भी अधिकारियों ने सार्वजनिक नहीं की है।

ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान निजी विमान था। इसका टेल नंबर N722BD बताया गया है। हाल ही में कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर के पास एक हेलीकॉप्टर क्रैश में चार लोगों की मौत हो गई थी। 

कई घंटे तक बिजली गुल, सड़कें बंद

हादसा पाम बीच काउंटी में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ। पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों दिशाओं में सड़कें बंद कर दीं और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। दमकलकर्मी और अन्य आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पास में काम करने वाली एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

ये भी पढ़ें-

चीन की नीतियों पर Quad सख्त, भारत की तारीफ; होर्मुज और लाल सागर को लेकर भी बड़ा ऐलान

फ्रांस में विरोध-प्रदर्शन को लेकर हाई अलर्ट, 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात; पेरिस में मार्च पर पाबंदी

Latest World News