1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. USA में New Political Party बनाने तक पहुंच गया ट्रंप और मस्क का झगड़ा, अमेरिकियों ने एलन के पोस्ट पर दिया वोट

USA में New Political Party बनाने तक पहुंच गया ट्रंप और मस्क का झगड़ा, अमेरिकियों ने एलन के पोस्ट पर दिया वोट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति कारोबारी एलन मस्क के बीच झगड़ा सोशलमीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है। ट्रंप और मस्क जैसी दुनिया की 2 ताकतवर शख्सियतों के बीच दुनिया पहली बार ऐसी तीखी बहस सीधे देख रही है। मस्क ट्रंप के हर बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (दाएं) और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (बाएं)।- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (दाएं) और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (बाएं)।

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति कारोबारी एलन मस्क के बीच का झगड़ा नई पॉलिटिकल पार्टी के गठन तक पहुंच गया है। एलन मस्क ने अपने सोशलमीडिया एकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर अमेरिका में नई पॉलिटिकल पार्टी बनाने की बात कही है। 
एलन ने अपनी पोस्ट में लिखा, "क्या अब अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है जो वास्तव में मध्य वर्ग के 80% लोगों का प्रतिनिधित्व करे?" एलन मस्क के इस पोस्ट पर 48 लाख से अधिक लोग ऑनलाइन अपना मत दे चुके हैं। 

मस्क के पोस्ट पर किसके पक्ष में अमेरिकी

एलन मस्क के नई पार्टी बनाने वाले ट्वीट पर 48 लाख से अधिक लोग अपना रिएक्शन दे चुके हैं। इनमें से 80.08 फीसदी लोग मस्क के इस विचार से सहमत हैं। वहीं 19.2 फीसदी लोगों ने मस्क के इस बयान को खारिज किया है। मगर जिस हिसाब से मस्क को उनके इस सवाल पर समर्थन मिला है, उससे टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का हौसला और बढ़ेगा। 

मस्क की पोस्ट ने अमेरिका में खड़ा किया नया सियासी तूफान

एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बढ़ते तनाव के बीच एलन के इस पोस्ट पर एक ऑनलाइन जनमत सर्वेक्षण शुरू हो गया है। इससे अमेरिका में एक नया और बड़ा सियासी तूफान खड़ा होता दिख रहा है। बता दें कि मस्क के एक्स पर 20 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। उन्होंने पूछा कि क्या अब अमेरिका में ऐसी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है जो "वास्तव में  80% मध्यमवर्गीय लोगों का प्रतिनिधित्व करे।" उनकी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। 

मस्क ने कहा कि ट्रंप सिर्फ इतने दिन के मेहमान

मस्क ने एक प्रमुख रूढ़िवादी विचारक के जवाब में कहा, “ डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद पर सिर्फ 3.5 साल और रहेंगे, लेकिन मैं 40 साल या उससे अधिक समय तक यहां रहूंगा… सोचने के लिए थोड़ा ऊर्जा लगाइये।”

किस बात पर शुरू हुआ विवाद 

एलन मस्क और ट्रंप के बीच इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब ट्रंप ने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, “मैं एलन से निराश हूं।” ट्रंप ने दावा किया कि मस्क "केवल अपने हितों की चिंता करते हैं" और "पागल हो गए हैं" क्योंकि उनके "बिग ब्यूटीफुल बिल" से इलेक्ट्रिक व्हीकल टैक्स क्रेडिट में कटौती हुई है और मस्क अब ओवल ऑफिस तक सीधी पहुंच नहीं पा रहे हैं।


मस्क ने कहा-मेरी वजह से जीते ट्रंप

एलन मस्क लगातार और धड़ाधड़ ट्रंप के हर पोस्ट पर तीखा जवाब दे रहे हैं। उन्होंने इससे पहले अपने एक अन्य पोस्ट में X पर दावा किया था कि ट्रंप उनकी वजह से चुनाव जीत सके। अगर वह नहीं होते तो ट्रंप के लिए यह जीत संभव नहीं होती। उन्होंने लिखा, “मेरे बिना ट्रंप चुनाव हार जाते, डेमोक्रेट्स हाउस पर काबिज होते और सीनेट में रिपब्लिकन का बहुमत 51-49 होता।” उन्होंने आगे लिखा, “ऐसी कृतघ्नता!”

ट्रंप ने दिया मस्क को ये जवाब

ट्रंप ने पहली बार सार्वजनिक रूप से मस्क के साथ मतभेद स्वीकारते हुए कहा, “एलन और मेरे बीच अच्छे रिश्ते थे, अब नहीं पता कि वैसे रहेंगे या नहीं।” उन्होंने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ बैठक के दौरान कहा, “मैं एलन से बहुत निराश हूं। मैंने उसकी काफी मदद की थी।” ट्रंप और मस्क के बीच इस राजनीतिक तनातनी ने सिर्फ अमेरिकी राजनीति में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में एक नई बहस छेड़ दी है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या इस झगड़े में एक नई राजनीतिक पार्टी का उदय संभव है और क्या वह मौजूदा ध्रुवीकरण को तोड़ पाएगी या नहीं।

Latest World News