A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जोहरान ममदानी की जीत पर आई ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया, चुनाव में रिपब्लिकन्स की हार की बताई अजीब वजह

जोहरान ममदानी की जीत पर आई ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया, चुनाव में रिपब्लिकन्स की हार की बताई अजीब वजह

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क में जोहरान ममदानी की जीत और अन्य शहरों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों की हार की कारण शटडाउन होना बताया है। उन्होंने यह भी कहाकि मैं प्रचार में नहीं उतरा, इसलिए हमारे उम्मीदवार हार गए।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति (बाएं) और दाएं न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी (दाए- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति (बाएं) और दाएं न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी (दाएं)

वाशिंगटन। न्यूयॉर्क में जोहरान ममदानी की जीत और अमेरिका के विभिन्न शहरों में रिपब्लिकन को मिली हार के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि चुनाव प्रचार में उनकी अनुपस्थिति और सरकारी 'शटडाउन' के कारण रिपब्लिकन पार्टी मंगलवार को हुए मेयर चुनाव में हार गई। जनवरी में राष्ट्रपति ट्रंप के व्हाइट हाउस लौटने के बाद यह पहला बड़ा चुनाव था, जिसमें डेमोक्रेट्स का दबदबा नजर आया।

डेमोक्रेट्स ने कई शहरों में दर्ज की जीत

डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में शानदार जीत हासिल की, जबकि उनकी पार्टी की सहयोगी मिकी शेरिल न्यू जर्सी की गवर्नर चुनी गईं। एक अन्य डेमोक्रेट अबीगैल स्पैनबर्गर वर्जीनिया की गवर्नर बनीं, वहीं भारतीय मूल की गजाला हाशमी को डिप्टी गवर्नर के पद पर निर्वाचित किया गया।


शटडाउन ने हराया-ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में लिखा, "चुनाव विश्लेषकों के अनुसार, 'ट्रंप का चुनाव प्रचार में न उतरना और 'शटडाउन'ये दो प्रमुख कारण थे, जिसके चलते रिपब्लिकन आज रात चुनाव हार गए।" सरकारी 'शटडाउन' अब 36वें दिन में प्रवेश कर चुका है और इससे पहले का रिकॉर्ड टूट गया है। अमेरिका में सरकारी खर्चों के लिए धन समाप्त होने पर संसद को एक वित्तीय पैकेज को मंजूरी देनी पड़ती है। यदि संसद की मंजूरी न मिले, तो 'शटडाउन' लागू हो जाता है।

 

ट्रंप ने किया मतदाता सुधारों का आह्वान

एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने मतदाता सुधारों का आह्वान किया। उन्होंने लिखा, "रिपब्लिकन, 'फिलिबस्टर' को समाप्त करें। कानून पारित कराने और मतदाता सुधारों पर ध्यान केंद्रित करें।" 'फिलिबस्टर' संसदीय प्रक्रिया है, जिसमें विधायी निकाय के एक या अधिक सदस्य प्रस्तावित कानून पर बहस को इतना लंबा खींच देते हैं कि निर्णय में देरी हो जाती है या उसे पूरी तरह रोका जा सकता है। ममदानी ने अपने विजय भाषण में ट्रंप को चुनौती दी, जिन्होंने अपने दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल में आव्रजन पर कड़ी कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने कहा, "न्यूयॉर्क को आव्रजन करने वालों द्वारा चलाया जाएगा और मेरी ऐतिहासिक जीत के बाद इसका नेतृत्व भी एक आव्रजनकर्ता द्वारा किया जाएगा।

भारतीय मूल के 34 वर्षीय जोहरान ममदानी को मंगलवार को न्यूयॉर्क सिटी का मेयर चुना गया। प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडाई लेखक महमूद ममदानी के पुत्र जोहरान ने पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा को करारी शिकस्त दी।(भाषा)

यह भी पढ़ें


जेल से इमरान खान का बड़ा धमाका, शहबाज सरकार के खोले राज; असीम मुनीर को बताया 'क्रूर तानाशाह'

जोहरान ममदानी की जीत के बाद एलन मस्क का बड़ा धमाका, न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव को बताया 'वोटिंग घोटाला'; मामला पहुंचा कोर्ट
 

Latest World News