1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. USA में 'नो किंग्स' प्रदर्शन के खिलाफ ट्रंप ने शेयर किया "AI VIDEO", मच गया बवाल; फाइटर जेट से लोगों पर गिरा रहे 'मल'

USA में 'नो किंग्स' प्रदर्शन के खिलाफ ट्रंप ने शेयर किया "AI VIDEO", मच गया बवाल; फाइटर जेट से लोगों पर गिरा रहे 'मल'

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 'नो किंग्स' प्रदर्शन के खिलाफ एक एआई वीडियो शेयर करके हंगामा खड़ा कर दिया है। इसमें ट्रंप को एक फाइटर जेट पर सवार होकर प्रदर्शनकारियों पर मल गिराते दिखाया गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का एआई वीडियो। - India TV Hindi
Image Source : X@MEGHUPDATES अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का एआई वीडियो।

वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में अपने खिलाफ चल रहे 'नो किंग्स' प्रदर्शन के विरोध में बने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित वीडियो शेयर करके बवाल मचा दिया है। इसे ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया एकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो में ट्रंप को मुकुट धारण किए हुए दिखाया गया है और वह फाइटर जेट से प्रदर्शनकारियों के ऊपर मल गिराते हुए दिखाए गए हैं। इस वीडियो ने अब पूरे अमेरिका में हंगामा खड़ा कर दिया है। 


ट्रंप की नीतियों के खिलाफ हजारों लोग हैं सड़क पर

यह वीडियो उस समय सामने आया जब अमेरिका से लेकर लंदन तक राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ "नो किंग्स" (No Kings) नामक आंदोलन ने जोर पकड़ रखा है। इसमें लोग ट्रंप के तानाशाही रवैये और नीतियों के खिलाफ विरोध कर रहे थे। वीडियो में ट्रंप को एक मुकुट पहने हुए और फाइटर जेट में सवार होते हुए दिखाया गया है। वह जेट से नीचे प्रदर्शनकारियों के समूह पर मल गिरा रहे हैं। यह वीडियो बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ लोगों ने इसे ट्रंप की ताजपोशी और उनके विरोधियों के प्रति असंवेदनशील रवैये का प्रतीक माना, जबकि कुछ ने इसे सिर्फ एक मजाक के तौर पर लिया।


वीडियो को लेकर घिर गए ट्रंप

इस वीडियो को देखकर आलोचकों ने ट्रंप पर जमकर निशाना साधा। उनका कहना था कि यह ट्रंप के व्यवहार और उनकी नीतियों की गंभीरता को दर्शाता है। एक लोकतांत्रिक देश के राष्ट्रपति का इस तरह का वीडियो शेयर करना लोगों के साथ अनुचित व्यवहार को दर्शाता है। साथ ही, यह वीडियो यह भी सवाल उठाता है कि क्या ट्रंप अपने विरोधियों के प्रति सम्मान और सहिष्णुता की भावना रखते हैं। हालांकि ट्रंप के समर्थकों का कहना था कि यह सिर्फ एक मजाक था, जिसे किसी गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। 

 

विपक्ष ने ट्रंप के वीडियो को बताया अमेरिका का अपमान

विपक्षी नेताओं ने ट्रंप द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को अमेरिकियों के अपमान से जोड़ा है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि ट्रंप का यह कदम अपने विरोधियों का मजाक उड़ाते हुए, उन्हें अपमानित करने का प्रयास करता प्रतीत हो रहा है। "नो किंग्स" आंदोलन के समर्थकों ने इसे एक "तानाशाही" रवैये का हिस्सा करार दिया और ट्रंप के इस वीडियो को अमेरिका के लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ एक ठेस के रूप में देखा।

 

सोशल मीडिया पर मचा बवाल

ट्रंप द्वारा इस वीडियो को शेयर किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी बवाल मच गया है। कई लोगों ने इस वीडियो को असंवेदनशील और घृणित बताया, वहीं कुछ ने इसे ट्रंप के राजनीतिक युद्ध की एक और रणनीति बताया। वीडियो के वायरल होने के बाद, ट्रंप ने किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उनके द्वारा इस वीडियो को शेयर किए जाने ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।

Latest World News