अमेरिका ने उत्तरी मेक्सिको के सीमावर्ती शहर मेक्सिकली को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। संभावित खतरे की सूचना मिलने के बाद अमेरिकी सरकार ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मेक्सिको के सीमावर्ती शहर में दूतावास से जुड़ी सुविधाओं (कॉन्सुलर) और गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
सोमवार रात जारी नोटिस में अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि संभावित खतरे की जानकारी मिलने के कारण बाजा कैलिफोर्निया की राजधानी मेक्सिकली में कॉन्सुलर सेवाएं फिलहाल बंद की जा रही हैं। साथ ही, अमेरिकी नागरिकों से मेक्सिकली की यात्रा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की गई है।
नागरिकों को इमारतों से दूर रहने की अपील
अमेरिका ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि खतरा किस तरह का है और किसके खिलाफ हो सकता है। नागरिकों को सरकारी इमारतों से दूर रहने, किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने और अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
आपराधिक समूह से जुड़े खतरे का अलर्ट
इस बीच, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने मंगलवार को कहा कि उन्हें एक संभावित आपराधिक समूह से जुड़े खतरे का अलर्ट मिला था। उन्होंने बताया कि यह जानकारी अमेरिकी एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर सामने आई है। राष्ट्रपति शीनबाम ने कहा कि अलर्ट में किसी विशेष खतरे को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल मेक्सिकली में सतर्कता और निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।
सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
मंगलवार को दिनभर शहर में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण रही। बाद में मेक्सिको की सुरक्षा कैबिनेट ने बयान जारी कर कहा कि आम लोगों के लिए किसी विशेष या तत्काल खतरे की पुष्टि करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। हालांकि, एहतियात के तौर पर मेक्सिकली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निगरानी व गश्त बढ़ा दी गई है।
वहीं, बाजा कैलिफोर्निया की गवर्नर मरीना डेल पिलर अविला ने भी कहा कि मैक्सिकन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं। राज्य की राजधानी में सुरक्षा अभियान को और मजबूत किया जाएगा।
करीब 10 लाख आबादी वाला शहर
बता दें कि करीब 10 लाख से अधिक आबादी वाला मेक्सिकली अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर स्थित प्रमुख शहरों में शामिल है। अमेरिकी शहर कैलेक्सिको से सटा होने के कारण दोनों शहरों के बीच व्यापारिक और सामाजिक संबंध काफी मजबूत हैं। ऐसे में संभावित खतरे को लेकर जारी इस अलर्ट ने सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी है। (एपी के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
कनाडा बॉर्डर से लगी 'लेक ओंटारियो' का नाम बदलेंगे ट्रंप? नया नाम 'लेक अमेरिका' करने की दी धमकी; बढ़ा तनाव
Latest World News