A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. US Plane Crash में 67 लोगों की हुई मौत, अब तक 55 शव बरामद; हादसे को लेकर उठ रहे सवाल

US Plane Crash में 67 लोगों की हुई मौत, अब तक 55 शव बरामद; हादसे को लेकर उठ रहे सवाल

अमेरिका में हुए विमान हादसे के बाद शवों की तलाश का काम जारी है। दुर्घटना में मारे गए 67 लोगों में से 55 मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। विमान हादसे को लेकर अब सवाल भी उठने लगे हैं।

अमेरिका में हुआ विमान हादसा- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका में हुआ विमान हादसा

आर्लिंगटन: अमेरिका में घातक विमान हादसा हुआ था जिसमें 67 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद अब तक 55 मृतकों के शवों को बरामद कर लिया गया है। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पोटोमैक नदी के ऊपर बीते सप्ताह बुधवार को यह हादसा हुआ था। यह प्लेन हादसा अमेरिका में 2001 के बाद हुए अब तक के सबसे घातक हवाई हादसों में से एक है।

गोताखोर कर रहे हैं तलाश

वाशिंगटन डीसी के अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवा (ईएमएस) प्रमुख जॉन डोनेली ने कहा है कि गोताखोर अब भी इस दुर्घटना में मारे गए 12 लोगों के शवों की तलाश कर रहे हैं। बचाव कर्मी सोमवार सुबह तक पोटोमैक नदी से मलबा उठाने की तैयारी में हैं। विमान के कुछ बचे हिस्से को ट्रक में भरकर जांच के लिए ‘हैंगर’ (विमानों को रखने की जगह) ले जाया जाएगा। 

Image Source : apअमेरिका में हुआ विमान हादसा

लोगों ने दी श्रद्धांजलि

इस बीच पीड़ितों के परिजन भी रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पोटोमैक नदी के किनारे घटनास्थल पर पहुंचे थे और अपने प्रियजनों को श्रद्धांजलि दी। कई लोग बसों के जरिए उस स्थान पर पहुंचे जहां अमेरिकन एयरलाइंस के विमान और सेना के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर की टक्कर हुई थी। इस दौरान पुलिस भी लोगों के साथ रही।  

Image Source : apअमेरिका विमान हादसे में मारे गए लोगों को दी गई श्रद्धांजलि

हादसे को लेकर उठ रहे सवाल

अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं, जबकि बचाव दल मलबा निकालने में जुटा है। घटना को लेकर परिवहन सचिव सीन डफी ने कई सवाल उठाए। उन्होंने ‘सीएनएन’ पर एक कार्यक्रम के दौरान पूछा, ‘‘टावर के अंदर क्या हो रहा था? क्या वहां कर्मचारियों का अभाव था? क्या ब्लैक हॉक के पायलट ने ‘नाइट विजन गॉगल्स’ पहने हुए थे?’’ (एपी)

यह भी पढ़ें:

हिजबुल्लाह चीफ कासिम ने किया ऐलान, हसन नसरल्लाह को दोबारा किया जाएगा दफन; जानें वजह

अमेरिका पर भड़का उत्तर कोरिया, ‘दुष्ट’ देश कहे जाने पर दे डाली चेतावनी

ट्रंप को मिला जवाब, कनाडा और मेक्सिको ने अमेरिकी सामान पर जवाबी टैरिफ लगाने का दिया आदेश

Latest World News