A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका ने ठानी रूस से रार, अब यूक्रेन को बेचेगा 32 करोड़ डॉलर से अधिक का हथियार

अमेरिका ने ठानी रूस से रार, अब यूक्रेन को बेचेगा 32 करोड़ डॉलर से अधिक का हथियार

अमेरिका ने रूस के साथ 3 साल से अधिक समय से जंग लड़ रहे यूक्रेन को और अधिक हथियार देने का फैसला लिया है। ट्रंप के आदेश के मुताबिक अमेरिका अब यूक्रेन को 32 करोड़ डॉलर से अधिक के हथियार देगा।

रूस के राष्ट्रपति पुतिन (बाएं) और अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप (दाएं) (फाइल)- India TV Hindi
Image Source : AP रूस के राष्ट्रपति पुतिन (बाएं) और अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप (दाएं) (फाइल)

वाशिंगटन: अमेरिका रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध विराम तो नहीं करा पाया, लेकिन उसने अब इसे और भड़काने का रास्ता चुन लिया है। अमेरिका अब यूक्रेन को करोड़ों डॉलर के हथियार बेचने जा रहा है। इससे रूस-यूक्रेन की जंग और भड़क सकती है। अब तक रूस के राष्ट्रपति पुतिन को युद्ध विराम के लिए मनाने की कोशिश में लगे डोनाल्ड ट्रंप ने नई चाल चल दी है। ऐसा करके एक तरह से अमेरिका ने भी रूस से रार ठान ली है।

यूक्रेन को क्या देगा अमेरिका?

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि उसने यूक्रेन को अपनी हवाई सुरक्षा बढ़ाने और बख्तरबंद लड़ाकू वाहन उपलब्ध कराने के लिए 32.2 करोड़ डॉलर की प्रस्तावित हथियार बिक्री को मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी ऐसे समय में दी गई है जब रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। मंत्रालय ने बताया कि संभावित बिक्री के बारे में कांग्रेस को सूचित कर दिया गया है, जिसमें अमेरिकी बख्तरबंद वाहनों की आपूर्ति, रखरखाव, मरम्मत आदि के लिए 15 करोड़ डॉलर तथा सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों के लिए 17.20 करोड़ डॉलर शामिल हैं।

ट्रंप ने बदला रुख

दरअसल कुछ सप्ताह पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति रोकने के निर्देश दिए थे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस माह की शुरुआत में अचानक रुख बदलते हुए सार्वजनिक रूप से कहा था कि अमेरिका यूक्रेन को हथियार भेजना जारी रखेगा। ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘हमें ऐसा करना ही होगा। उन्हें (यूक्रेन को) अपनी रक्षा करने में सक्षम होना होगा। उन पर तेज हमले हो रहे हैं। हम उन्हें और हथियार भेज रहे हैं।’’ 

ह्वाइट हाइस में पहले ट्रंप और जेलेंस्की में हो चुकी है तीखी बहस

ट्रंप के इस फैसले से पहले जनवरी माह में ट्रंप और जेलेंस्की के बीच ह्वाइट हाउस में युद्ध खत्म करने को लेकर तीखी बहस हो चुकी है। इस दौरान ट्रंप ने जेलेंस्की को युद्ध खत्म करने के लिए दबाव में लेने का प्रयास किया था। मगर जेलेंस्की उनके प्रेशर में नहीं आए। बैठक को बीछ में ही छोड़कर जेलेंस्की ह्वाइट हाउस से निकल गए। ट्रंप और जेलेंस्की के बीच उस दौरान हुई बहस को दुनिया ने लाइव कैमरे पर देखा था। इसके बाद ट्रंप ने यूक्रेन की कोई मदद नहीं करने का ऐलान किया था। मगर अब ट्रंप का मूड बदल चुका है। (भाषा)

Latest World News