A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'हम ईरान पर बहुत जोरदार तरीके से हमला करेंगे', ट्रंप के ताजा बयान से दुनिया में हलचल

'हम ईरान पर बहुत जोरदार तरीके से हमला करेंगे', ट्रंप के ताजा बयान से दुनिया में हलचल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान पर अपने हमले जारी रखेगा और पहले से अधिक सख्ती से कार्रवाई करेगा। उन्होंने ईरान पर अमेरिकी हेलीकॉप्टर गिराने का आरोप लगाते हुए सैन्य कार्रवाई को जायज बताया।

Donald Trump, US Iran tensions, Iran attack warning, White House statement- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि अमेरिका ईरान पर अपने हमले जारी रखेगा और पहले से भी ज्यादा सख्ती से कार्रवाई करेगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी सैन्य हेलीकॉप्टर को मार गिराने का दावा किया है। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'हम ईरान पर हमला करेंगे और बहुत जोरदार तरीके से हमला करेंगे।'

'हमें कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है'

ट्रंप ने कहा कि ईरान द्वारा अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराया जाना अमेरिका के लिए सैन्य कार्रवाई का पर्याप्त कारण है। उन्होंने कहा, 'हेलीकॉप्टर की घटना के बाद मुझे लगता है कि हमें कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है।' उन्होंने बताया कि अमेरिका पहले ही ईरान पर हमले कर चुका है और आगे भी सैन्य अभियान जारी रहेगा। ट्रंप ने कहा, 'हमने उन्हें कल जोरदार तरीके से निशाना बनाया था। आज भी हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।' 

परमाणु समझौते पर भी ट्रंप का दबाव

सैन्य कार्रवाई के बीच ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते का मसौदा पूरी तरह तैयार है और अब केवल ईरान के हस्ताक्षर बाकी हैं। उन्होंने कहा, 'समझौता पूरी तरह तैयार है। उन्हें सिर्फ दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने हैं। हम कई महीनों से ईरान के साथ काम कर रहे हैं। यह एक अच्छा समझौता है।' ट्रंप ने जोर देकर कहा कि यह समझौता ईरान को परमाणु हथियार बनाने का कोई अधिकार नहीं देता, बल्कि उसे भविष्य में कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने से पूरी तरह रोकता है।

ईरान का तेल निर्यात भी निशाने पर

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका हर रात ईरान के 'लाखों बैरल तेल' को बाजार से बाहर कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक इस अभियान की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी। ट्रंप ने कहा, 'अब मैं आपको बता सकता हूं क्योंकि उन्होंने भी इसका पता लगा लिया है। इसे गुप्त रखना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। जब यह सब खत्म होगा तो तेल की कीमतें पहले के स्तर पर आ जाएंगी।' बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते सैन्य हमलों ने पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा दिया है।

Latest World News